Breaking News

बलिया बनाम छलिया का है विधानसभा चुनाव: अखिलेश यादव

बलिया, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाते हुये कहा कि मौजूदा विधानसभा चुनाव ‘बलिया बनाम छलिया’ का है और यहां की जनता छलने वाली सरकार को उखाड़ फेकेंगी।

फेफना क्षेत्र के ग्राम कटरिया में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुये श्री यादव ने मंगलवार को कहा कि भाजपा ने जनता को धोखा दिया है। उसे समय समय पर छला है समय समय पर। ये चुनाव छलिया बनाम बलिया दिखायी दे रहा है। क्रांतिकारियों की भूमि बलिया के लोग अपने बल से इस सरकार को धूल चटाने का काम करेंगे।

उन्होने कहा कि सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भाषण लोगों ने सुना होगा। अब तो भाजपा के सहयोगी भी जान चुके है कि भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। छोटे नेता छोटा झूठ बोलता है,बड़ा नेता बड़ा झूठ बोलता है और सबसे बड़ा नेता सबसे बड़ा झूठ बोलता है। किसानो की आय दाेगुनी करने का वादा झूठा निकला जबकि नौजवान को रोजगार नहीं मिला। किसानो को खाद डीएपी के लिये तरसना पड़ा। खरीद केन्द्र पर उसकी धान की फसल खरीदी नहीं गयी। किसानो की लूट हो गयी। खाद की बोरी से पांच किलो खाद चोरी हो गयी। पता नहीं भाजपा वाले चोरी कहां से सीख कर आये हैं।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि मौजूदा चुनाव में गठबंधन सरकार 300 से ज्यादा सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी। सरकार आने पर किसानो,नौजवानो की समस्या का निदान प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा।