Breaking News

जन्मदिन मना रहे वीडीओ विजय यादव की पीट-पीटकर हत्या, भाई की हालत नाजुक

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश में गाजीपुर सदर कोतवाली इलाके में ढाबे पर जन्मदिन मनाने गए ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) की मामूली विवाद पर वहा मौजूद लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी , इस मामले में पुलिस ने ढाबा मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक डा0 ओमप्रकाश सिंह यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार पद से सेवानिवृत्त गोराबाजार निवासी महेंद्र यादव का 26 वर्षीय पुत्र विजय यादव का बुधवार को जन्मदिन था। कल रात वह अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने के लिए कोतावली इलाके में तुलसीपुर स्थित कालिका ढ़ाबे पर गया था। उन्होंने बताया कि खाना खाते समय ढाबा मालिक और विजय यादव के बीच विवाद हो गया था और उसी दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में ग्राम विकास अधिकारी विजय यादव गंभीर रुप से घायल हो गया था, जिनकी वाराणसी में इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी थी। इस घटना में विजय यादव का बड़ा भाई सोम यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गया था,जिसका इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि विजय यादव जौनपुर के चंदवक में ग्राम विकास अधिकारी के पद तैनात था। उन्होंने बताया कि इस मामले में परिजनों की ओर से ढाबा मालिक समेत चार नामजद और छह-सात अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने ढाबा मालिक, मैनेजर ,वेटर सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।