मुंबई मे 26 जनवरी से दुकानें, मॉल और रेस्तरां को बड़ी छूट
News85WebJanuary 18, 2020
मुंबई, महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने शनिवार को कहा कि मुंबई के गैर-आवासीय क्षेत्रों में दुकानें, मॉल और रेस्तरां 26 जनवरी से चौबीसों घंटे खुले रह सकते हैं। यह वैकल्पिक है, इसे अनिवार्य नहीं बनाया जाएगा।
लंदन और मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में नाइटलाइफ का उदाहरण देते हुए, ठाकरे ने कहा, मुंबई को भी लोगों को रात में वैसी सुविधा देने से पीछे नहीं हटना चाहिए। महानगर में सेवाएं 24×7 जारी रहनी चाहिए। यहां पत्रकारों से बात करते हुए, उन्होंने यह भी कहा कि नाइटलाइफ को केवल शराब पीने के साथ जोड़ना गलत है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई 24×7 काम करता है। यदि ऑनलाइन खरीदारी 24 घंटे खुली रह सकती है, तो रात में दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को बंद क्यों रखा जाना चाहिए। दुकानों और मॉलों को रात में खोलना अनिवार्य नहीं है। यह उनपर निर्भर है, यदि वे दुकानों को खोले रखना चाहते हैं। कोई नियम नहीं बदला गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम आबकारी मानदंडों के साथ छेड़छाड़ नहीं कर रहे हैं।’’