Breaking News

सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर भाजपा मना रही जश्न: समाजवादी पार्टी

लखनऊ ,  उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के नतीजों को लोकतंत्र पर कुठाराघात करार देते हुये समाजवादी पार्टी ने दावा किया है कि उनकी पार्टी 2022 के आम चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनायेगी।

पार्टी प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने  कहा कि चुनाव के नतीजो ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर जनता की भावनाओ से खिलवाड़ कर रही है। भाजपा सरकार की नीतियों से जनता तबाह है। इसका प्रभाव उपचुनाव के नतीजों पर दिखना तय था लेकिन हर चुनाव की तरह इस बार भी सरकारी मशीनरी भाजपा के कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रही थी। इसकी देखरेख के लिये बाकायदा मंत्रियों की ड्यूटी लगायी गयी।

उन्होने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिये पार्टी जनता के बीच जायेगी और 2022 के विधानसभा के चुनाव के लिये उसका आर्शीवाद लेगी। श्री चौधरी ने कहा कि उपचुनाव में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव तो बाहर निकले ही नहीं जबकि भाजपा के मंत्री लगातार लगे रहे। उसके बावजूद वे सिर्फ अपनी सीट बचाने में सफल रहे। उसमें भी जश्न मना रहे है। जब अखिलेश निकलेंगे तो यह कहां टिकेंगे। 2022 में सब स्पष्ट दिख जायेगा।

बुलंदशहर में सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के निराशाजनक प्रदर्शन पर सपा प्रवक्ता ने कहा कि रालोद को लेकर पार्टी अपनी रणनीति नहीं बदलेगी। रालोद सपा का सहयोगी रहा है और आगे भी रहेगा। हालांकि पार्टी अध्यक्ष हार के कारणाें की समीक्षा करेंगे।