Breaking News

उत्तर प्रदेश में भाजपा पांच और सपा में एक सीट पर आगे

लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधानसभा की सात सीटों के उपचुनाव के लिये मंगलवार को हो रही मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पांच और समाजवादी पार्टी (सपा) एक सीट पर आगे चल रही है वहीं जौनपुर के मल्हनी में निर्दलीय उम्मीदवार बढ़त बनाये हुये है।

निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार देवरिया सदर,बांगरमऊ,बुलंदशहर,घाटमपुर और टूंडला में भाजपा उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्धंदियों से आगे चल रहे हैं वहीं मल्हनी में निर्दलीय और नौगांव सादात में सपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।

उन्नाव से मिली जानकारी के अनुसार बांगरमऊ विधानसभा में 12वें चरण की मतगणना के बाद भाजपा के श्रीकांत कटियार को 23294 वोट मिले थे जबकि कांग्रेस की आरती बाजपेई को 13226 और सपा के सुरेश पाल को 12103 मत प्राप्त हुये थे।

अमरोहा में नौगावां सादात विधानसभा में सांतवे चरण की समाप्ति पर सपा के जावेद अब्बास को 15658, भाजपा की संगीता चाैहान को 12689,बसपा के फुरकान को 9840 वोट मिले थे। फिरोजाबाद के टूंडला सीट पर 11वें चरण के बाद भाजपा के प्रेमपाल सिंह धनगर को 19 हजार 411 वोट मिले थे वहीं सपा के महाराज सिंह धनगर को 15484 वाेट प्राप्त हुये है। इस प्रकार भाजपा उम्मीदवार 3927 वोट से आगे है।

कानपुर से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार घाटमपुर विधानसभा में नौवें चरण की समाप्ति पर भाजपा के उपेन्द्र पासवान को 1374 और बसपा के कुलदीप संखवार को 12140 वोट मिले हैं।

देवरिया में आठवें चरण की समाप्ति पर भाजपा के सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी काे 14962 और सपा के ब्रम्हाशंकर त्रिपाठी को 12076 वोट मिले है। बुलंदशहर में छठे चरण के बाद भाजपा की ऊषा सिरोही को 19971 और बसपा के मोहम्मद युनूस को 14662 वोट मिले हैं। जौनपुर के मल्हनी में तीसरे चरण की समाप्ति पर निर्दलीय धनंजय सिंह सपा के लकी यादव से 6503 मतो से आगे थे।

वर्ष 2017 में हुये आम चुनाव में इन सात सीटों में छह में भाजपा और एक में सपा ने जीत हासिल की थी। बुंलदशहर, टूंडला और घाटमपुर में भाजपा उम्मीदवार विजयी रहे थे वहीं बसपा दूसरे नम्बर पर रही थी जबकि नौगवां सादात, देवरिया और बांगरमऊ में भी भाजपा को जीत मिली थी और सपा उम्मीदवार दूसरे नम्बर पर रहे थे। जौनपुर के मल्हनी में सपा जीती थी जबकि निषाद पार्टी दूसरे नम्बर पर रही थी।