Breaking News

यूपी में भाजपा विधायक का हुआ निधन,पार्टी में छाई शोक की लहर

बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री और वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी विधानमंडल दल के मुख्य सचेतक वीरेन्द्र सिंह सिरोही का आज तड़के दिल्ली के एक निजी चिकित्सालय में निधन हो गया। वो 74 वर्ष के थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है ।

बुलंदशहर सदर सीट से भाजपा के विधायक वीरेन्द्र सिंह सिरोही 1996 में पहली बार अगौता विधानसभा सीट से प्रदेश के कद्दावर नेता प्रोफेसर किरण पाल सिंह को हराकर विधायक बने और मायावती , कल्याण सिंह, रामप्रकाश गुप्त और राजनाथ सिंह के मंत्रिमंडल में राजस्व मंत्री रहे। वो प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष भी थे । उनकी गिनती प्रदेश के कद्दावर भाजपा नेताओं में की जाती थी।

श्री सिरोही पिछले तीन महीने से लीवर में इंफेक्शन की बीमारी से ग्रसित है और उनका इलाज दिल्ली के एक निजी चिकित्सालय में चल रहा था । उनके निधन की सूचना के बाद समर्थकों की भारी भीड़ प्रीति विहार स्थित उनके निवास पर एकत्र हो गई ।

विधायक के निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ,केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडे, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान , सांसद डॉ भोला सिंह ,प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा प्रदेश भाजपा के संगठन महासचिव सुनील बंसल सहित अनेक मंत्रियों ने शोक व्यक्त किया है।

श्री सिरोही के परिवार में दो पुत्र हैं । श्री सिरोही 1996, 2007 में अगौता सीट से जीते और 2017 में बुलंदशहर सदर सीट से बहुजन समाज पार्टी के दो बार के विधायक हाजी अलीम को हराकर विधायक बने।