Breaking News

अमरोहा में पिछड़ने के बाद भाजपा जीत की डगर पर

अमरोहा,  उत्तर प्रदेश के अमरोहा में नौगावां सादात विधानसभा उपचुनाव के लिये मंगलवार को शुरूआती दौर की मतगणना में उतार चढ़ाव के बाद अंतत: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार निश्चित जीत की ओर बढ़ चली है।

भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच प्रतिष्ठा का सवाल बनी इस सीट पर वैसे तो 14 प्रत्याशियों ने चुनाव में किस्मत आजमाई थी लेकिन भाजपा तथा सपा के बीच कांटे की टक्कर बनी रही। पहले राउंड की मतगणना से ही सपा आगे चल रही थी जबकि बाद में भाजपा ने उसे पीछे छोड़ते हुये ब़ढ़त बना ली।

नौगावां सादात सीट से भाजपा के दिवंगत नेता की पत्नी एवं प्रत्याशी संगीता चौहान की जीत लगभग तय मानी जा रही है। लगभग 5 हजार से अधिक वोटों से बढ़त के साथ भाजपा प्रत्याशी श्री चेतन चौहान को याद करते हुए भावुक हो गई। उन्होने कहा “ चेतन जी के सपनों को ईमानदारी से पूरा करूंगी।”

पिछले 2017 विधानसभा चुनाव में भी मुख्य मुकाबला भाजपा से चेतन चौहान और सपा प्रत्याशी जावेद अब्बास के बीच ही था। तब चेतन चौहान को लगभग 96 हजार से अधिक वोट मिले थे, वहीं सपा के जावेद अब्बास उर्फ जावेद आब्दी के हिस्से में लगभग 76 हजार से अधिक वोट आए थे। 40 हजार से अधिक वोट हासिल कर बतौर बसपा प्रत्याशी जयदेव सिंह जाट तीसरे नंबर पर रहे थे। अब की बार पिछले चुनाव के मुकाबले में लगभग 12 फीसदी मतदान कम हुआ है।

इस बार भाजपा प्रत्याशी संगीता चौहान द्वारा फर्जी मतदान को लेकर जिला प्रशासनिक अधिकारियों को कटघरे में खडा करने के बयान के बाद महिला बटालियन की सख्ती से फर्जी मतदान पर अंकुश लगने पर भाजपा समर्थकों में जीत को लेकर उत्साह बना हुआ था।

मंगलवार को सामान्य प्रेक्षक प्रभात कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्र व पुलिस अधीक्षक डॉ.विपिन ताडा के सामने सुबह साढ़े सात बजे स्ट्रांग रूम की सील खोली गई। इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन को मतगणना स्थल पर सुरक्षा के बीच लाया गया। यहां पर सभी प्रत्याशियों के एजेंट के सामने ईवीएम की सील खोली गई। इसके बाद आठ बजे से मतगणना का कार्य प्रारंभ कर द‍िया गया।

नौगावां सादात विधानसभा उपचुनाव में तीन लाख 21 हजार 699 मतदाता है जिसमें से दो लाख सात हजार 693 ने वोट डाले हैं। अब तक तक 20वें राउंड तक मतगणना हो चुकी है। शुरुआती राउंड से सपा प्रत्‍याशी जावेद आब्दी आगे चल रहे थे। हालांक‍ि बाद में भाजपा आगे हो गई। हालांकि 20वें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी संगीता चौहान सपा प्रत्याशी जावेद आब्दी से 5310 वोटों से आगे चल रहीं हैं।

उपचुनाव की मतगणना 35 राउंड में किए जाने की व्यवस्था की गई, जबकि वर्ष 2017 में यह 28 राउंड में पूरी की गई थी। इस बार प्रशासन ने राउंड बढ़ा दिए हैं। 51 कर्मचारी मतगणना के लिए लगाए गए हैं जबकि छह को प्रशासन ने रिजर्व में रखा है। उपचुनाव में संगीता चौहान,कमलेश सिंह, फुरकान अहमद, जावेद आब्दी, अजीत कुमार, जहांआरा, हसमत अली, अमरजीत कोहली, शेर सिंह बौद्ध, अकरम, धर्मपाल, अवनीश, अफरोज व हरस्वरूप ने अपनी किस्मत आजमाई थी।