MAIN SLIDERचुनावप्रादेशिक

निकाय अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा का बेहतर प्रदर्शन

जयपुर, निकाय अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा का बेहतर प्रदर्शन रहा। राजस्थान में बीस जिलों की 87 निकायों में अध्यक्ष पद के लिए हो रहे चुनाव में मिले शुरुआती परिणाम में अब तक भारतीय जनता पार्टी ने बढ़त बनाते हुए आठ निकायों में अपना अध्यक्ष बना लिये हैं जबकि सत्तारुढ़ कांग्रेस पांच निकायों में अपना बोर्ड बनाये हैं।

अब तक घोषित परिणामों के अनुसार अजमेर जिले के किशनगढ़ नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बना है जहां भाजपा उम्मीदवार दिनेश सिंह राठौड़ नगर परिषद अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए हैं। श्री राठौड़ ने अपने निकतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप अग्रवाल को बारह मत से हराया। श्री राठौड़ को 36 एवं श्री अग्रवाल को 24 मत मिले।

श्रीडूंगरगढ़ में भाजपा प्रत्याशी मानमल शर्मा नगरपालिका अध्यक्ष चुने गये हैं। उन्हें 23 मत मिले। इसी तरह सूरजगढ नगरपालिका में भी भाजपा की पुष्पा गुप्ता अध्यक्ष निर्वाचित घोषित की गई हैं। उन्होंने कांग्रेस की कृष्णा देवी को दस मतों मात दी। श्रीमाधोपुर से भाजपा के हरिनारायण महंत एक मत से विजयी होकर निकाय अध्यक्ष बने हैं। जैसलमेर जिले के पोकरण में भाजपा के मनीष पुरोहित अध्यक्ष बने हैं। पाली जिले के तखतगढ़, सोजत एवं बाली निकायों में भी भाजपा का बोर्ड बना हैं।

बूंदी नगरपरिषद में कांग्रेस उम्मीदवार मधु नुवाल परिषद अध्यक्ष चुनी गई हैं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को केवल दो मतों से चुनाव हराया। मधु को 31 मत मिले। इसी तरह उदयपुरवाटी में कांग्रेस के रामनिवास सैनी अध्यक्ष बने। उन्हें 24 मत मिले जबकि भाजपा के ललित सैनी तेरह मत ही हासिल कर पाये। पीलीबंगा में कांग्रेस के सुखचैन सिंह रमणा अध्यक्ष बने हैं। इसी तरह बूंदी की केशोरायपाटन नगरपालिका में भी कांग्रेस का बोर्ड बना हैं। झुंझुनूं जिले में खेतड़ी नगर पालिका मे कांग्रेस की गीता देवी अध्यक्ष बनी हैं।

उल्लेखनीय है कि गत 28 जनवरी को 90 निकायों में चुनाव हुआ था। इनमें बांसवाड़ा के कुशलगढ़, झुंझुनूं के मुकुंदगढ़ और नागौर के कुचेरा में सर्वसम्मति से अध्यक्ष का चुनाव पहले ही हो चुका है। शेष 87 निकायों में अध्यक्ष के लिए यह मतदान सुबह दस बजे शुरु हुआ था।

Related Articles

Back to top button