Breaking News

लालू प्रसाद यादव से मिले भाजपा के विधान पार्षद और राजद विधायक

रांची,   राष्ट्रीय जनता दल  अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से आज रिम्स जाकर बिहार में सिवान से भारतीय जनता पार्टी के विधान पार्षद टुन्ना जी पांडेय और बांका जिले में बेलहर से नवनिर्वाचित राजद के विधायक रामदेव यादव ने मुलाकात की।

श्री रामदेव यादव ने राजद सुप्रीमो से मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा कि वह श्री लालू यादव से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने आए थे। साथ ही बिहार में हाल ही में हुए उप चुनाव में राजद के टिकट से निर्वाचित होने के बाद वह राजद अध्यक्ष से नहीं मिले थे इसलिए भी उन्होंने रिम्स आकर श्री यादव से मुलाकात की है। उन्होंने श्री लालू यादव को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती किए जाने की मांग भी की है।

झारखंड विधानसभा चुनाव में राजद का स्टार प्रचारक बनाए जाने के बाद श्री यादव ने राजद सुप्रीमो से मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि राजद अध्यक्ष ने उन्हें विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में मजबूती से प्रचार करने को कहा है।