सीमा सुरक्षा बल के जवान महेंद्र सिंह का सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

सीकर , राजस्थान के सीकर जिले में दांतारामगढ़ के भारीजा के पास जवाहरजी की ढ़ाणी निवासी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान महेंद्र सिंह का आज उनके पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

जवान का तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर बुधवार सुबह पैतृक गांव जवाहरजी की ढाणी पहुंचा। इस दौरान एएसआई मालीराम मीणा सहित पुलिसकर्मियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कोरोना के चलते अंतिम संस्कार में सामाजिक दूरी की पालना के साथ सैंकड़ों ग्रामीण शरीक हुए।

गौरतलब है कि जवान महेंद्र सिंह जोधपुर में तैनात थे। मंगलवार को अचानक छत से गिर जाने से उनकी मृत्यु हो गई थी। बीएसएफ इंस्पेक्टर सुनील गहलावत ने बताया कि श्री महेंद्र सिंह बीएसएफ में बड़े ही होनहार और कर्म निष्ठ व्यक्ति थे। उनको जो भी काम दिया जाता, उसे वह मेहनत और ईमानदारी के साथ पूरा करते थे।

Related Articles

Back to top button