Breaking News

प्रसिद्ध अर्थशास्त्री के निधन पर मुख्यमंत्री ने व्यक्त की दुखद संवेदना

पटना, शैवाल गुप्ता के निधन होने के बाद दुखद संवेदनाओं को व्यक्त करते हुए कहां बिहार के कई आर्थिक सुधारों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रसिद्ध अर्थशास्त्री, सेंटर फॉर इकॉनोमिक पॉलिसी एंड पब्लिक फाइनेंस के निदेशक और एशियाई विकास शोध संस्थान (आद्री), पटना के सदस्य सचिव शैवाल गुप्ता के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

श्री कुमार ने गुरुवार को यहां अपने शोक संदेश में कहा कि श्री गुप्ता ने बिहार ही नहीं देश और दुनिया के कई महत्वपूर्ण आर्थिक संस्थानों में प्रमुख भूमिका निभाई थी। उन्होंने बिहार में वित्त आयोग के सदस्य के साथ ही कई संस्थाओं को अपने अनुभवों का लाभ पहुंचाया था। बिहार के कई आर्थिक सुधारों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे आर्थिक एवं राजनीतिक मामलों के विशेषज्ञ के तौर पर भी जाने जाते थे। उनके निधन से आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुयी है। उन्होंने कहा, “श्री गुप्ता से मेरा व्यक्तिगत संबंध था। उनके निधन से मैं काफी मर्माहत हूॅ। उनकी कमी हमेशा खलती रहेगी।

स्व. शैवाल गुप्ता का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा।

श्री कुमार ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।