Breaking News

कोरोना अफवाहों पर मुख्यमंत्री ने दिया ये बयान

रांची, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कोरोना वायरस (कोविड 19) को लेकर राज्यवासियों से किसी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए आज कहा कि उनकी सरकार पूरी मुस्तैदी से राज्य के लोगों को सुरक्षित रखने के लिए हर जरूरी कार्य कर रही है।

श्री सोरेन ने आज यहां कहा कि झारखंड में लाखों लोगों को निःशुल्क भोजन मिल रहा है। प्रदेश में पांच हजार से अधिक दीदी किचन, थानों में संचालित रसोई, दाल-भात योजना और स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से जरूरतमंद पर्याप्त भोजन ग्रहण कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के बाहर लॉकडाउन में फंसे हर झारखण्ड वासी तक भी आवश्यक मदद पहुंचाई जा रही है।

मुख्यंमत्री ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में फंसे करीब सात लाख लोगों को भी निःशुल्क सूखा राशन एवं गर्म खाना भोजन उपलब्ध कराने की कोशिश जारी है। उन्होंने लोगों से अपनी चुनी सरकार पर भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर कदापि ध्यान ना दें। ऐसी आपदा इससे पूर्व किसी ने नहीं देखी है। बावजूद इसके वर्तमान सरकार पूरी मुस्तैदी से राज्य के लोगों को सुरक्षित रखने के लिए हर जरूरी कार्य कर रही है।