Breaking News

मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को इस काम को समय पर पूरा करने का दिया निर्देश

वाराणसी,  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार यहां विकास विभिन्न कार्यों एवं स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को रिंग रोड फेज-2 का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर करने तथा उसे तय समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान सेवापुरी विकासखंड के हाथी बाजार स्थित अपने गोद लिए ‘जयकरण शर्मा राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र’ स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग सात एकड़ क्षेत्रफल के इस स्वास्थ्य केंद्र बनाने का उद्देश्य आसपास क्षेत्र के लगभग तीन लाख की आबादी को चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है।

श्री योगी स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण करने के बाद हरहुआ के पास 1354.67 करोड़ रुपए लागत से 44.25 किमीटर लंबी निर्माणाधीन रिंग रोड फेज-2 का स्थलीय निरीक्षण किया, जिसका 46.05 फीसदी कार्य पूरा होने का दावा किया जा रहा है। अगले साल फरवरी तक इसका कार्य पूरा होने की उम्मीद है। परियोजना की संपूर्ण धनराशि शासन द्वारा कार्यदायी संस्था को अवमुक्त किया जा चुका है, जिसमें से संस्था द्वारा 474.66 करोड़ की धनराशि व्यय की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने तय समय सीमा में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूर्ण कराए जाने का दिया अधिकारियों को निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने चौबीसों घंटे 30 बिस्तर के साथ संचालित इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में खाली जमीन पर लगभग 53.46 लाख की लागत से भूतल सहित दो मंजिला बिस्तरों के भवन निर्माण कार्य ले-आउट का अवलोक एवं निर्माण स्थल पर जाकर देखा। इसमें कोरोना की संभावित तीसरी लहर के दृष्टिगत बच्चों के लिए लगभग 15 बिस्तर एवं तीन आईसीयू वार्ड बनाया जा रहा है।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में निर्मित ऑक्सीजन प्लांट प्लेटफार्म को देखा और शीघ्र ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों को इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर एवं निःशुल्क चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराए जाने पर जोर देते हुए निर्देशित किया कि 24 घंटे डॉक्टर एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो। समुचित व्यवस्था होने के बाद जन सामान्य को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं होगी। इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 10 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी उपलब्ध कराएं।

स्थानीय निवासी रामचंद्र शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हाथी बाजार स्थित इस जयकरण शर्मा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को गोद लिए जाने से इसके चिकित्सा सुविधा में गुणात्मक सुधार होगा, जिसका लाभ इस क्षेत्र के लाखों लोगों को मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भूखंड दान करने वाले स्व0 जयकरण शर्मा के परिजनों- प्रशांत शर्मा, अमित शर्मा, डॉ राजेश शर्मा, सुरेश सिंह एवं शशांक शेखर को संबोधित करते हुए कहा कि उनके परिवारजनों ने लोक सेवा का एक उत्तम उदाहरण किया है।

श्री योगी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान वैक्सीनेशन कक्ष में वैक्सीन लगवा रहे अभिषेक गुप्ता, विजय गुप्ता, राजकुमार, ममता गुप्ता एवं सुशीला गुप्ता से उनका कुशलक्षेम पूछा। ममता गुप्ता ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें वैक्सीन लगवाने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई और उन लोगों ने अपना स्लॉट कल गुरुवार को बुक कराकर आज शुक्रवार को वैक्सीन लगवाने के लिए केंद्र पर पहुंची और उन्हें वैक्सीन लगा दी गई है।

गौरतलब है कि स्थानीय हाथी बरनी निवासी एवं वर्तमान में मुंबई में व्यवसायरत स्व0 जयकरण शर्मा के परिवार द्वारा स्थापित श्री राम करण शर्मा धर्मादान्यास के द्वारा क्षेत्र में जन समुदाय को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दृष्टि से 1975 में इस अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू किया गया था।

निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य एवं प्रोटोकॉल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 नीलकंठ तिवारी, आईजी एस के भगत, मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।