Breaking News

CM योगी ने शाहजहांपुर को दी 308 करोड़ की सौगात

शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विकास के लिए 308.18 करोड़ रूपये की 87 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबी व प्रमाण पत्र प्रदान किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योगी ने इस मौके पर कहा “ विधानसभा चुनाव में आपने यहां की सभी सीटों पर भाजपा को जिताया। इसके लिए आप सभी का साधुवाद। इस बदले पार्टी ने शाहजहांपुर को राज्यसभा सीट और तीन एमएलसी दिए। यहां से 2-2 सांसद और तीन मंत्री भी हैं। यानी जितना आपने पार्टी को दिया, पार्टी ने रिटर्न किया। सेवा के लिए जनप्रतिनिधि व राजनीतिक नेतृत्व से शाहजहांपुर काफी समृद्ध है। विकास व सुरक्षा के मॉडल को लेकर आपका आशीर्वाद निरंतर प्राप्त हो। आप सभी के सहयोग से डबल इंजन की सरकार विकास की रफ्तार को ट्रिपल इंजन में बदलेगी। पहली बार होने वाले नगर निगम के चुनाव में भी भाजपा को जिताएं।”

उन्होने कहा कि 2017 के पहले सरकारें जिस विजन से काम करती थीं, वह सिर्फ औपचारिकता होती थी। पहले विकास की योजनाएं प्राप्त नहीं हो पाती थीं। शाहजहांपुर नगर पालिका का जब गठन हुआ होगा, तबसे वह पालिका ही थी। 2017 में नगर विकास मंत्री के रूप में सुरेश खन्ना ने शाहजहांपुर को नगर निगम की मान्यता देने की बात की थी। नगर निगम बनना सौभाग्य की बात है। विकास को बढ़ाने के लिए शहरीकरण महत्वपूर्ण शर्त होती है। शासन की योजनाओं का लाभ जनता को मिले। पीएम आवास योजना के तहत यहां 30 हजार गरीबों को लाभ मिला। 10170 गरीबों के मकान बन गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की और हर तबके के बारे में सोचा। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 14 हजार पटरी व्यवसाइयों का सपना साकार हुआ। व्यापार बढ़ाने के लिए इस तबके को भी विकास से जोड़ा गया। स्वावलंबन के साथ यह भी सम्मान बढ़ा रहे और विकास में योगदान दे रहे हैं।