Breaking News

दिल्ली और यूपी में ठंड का कहर जारी, मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी

नयी दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी में आज भी ठंड का कहर जारी रहा और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से पांच डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से एक डिग्री कम है।

मौसम विभाग ने गुरुवार सुबह शहर में आंशिक रूप से बादल छाये रहने, मध्यम स्तर के कोहरे का पूर्वानुमान लगाया है। कल का दिन भी बहुत ठंडा रहने और इसी के साथ अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश 19 तथा आठ डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस बीच पूरे उत्तर प्रदेश में भी पिछले दो दिनों से चल रही पछुआ हवा के कारण ठंड का कहर बढ़ गया है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जे पी गुप्ता ने आज बताया कि अभी मौसम ऐसा ही रहेगा और राहत की कोई उम्मीद नहीं है। राज्य में बढ़ी ठंड के कारण स्कूलों के समय में परिवर्तन किया गया है। राजधानी लखनऊ में बुधवार से कक्षा आठ तक के स्कूल दस बजे से तीन बजे तक ही खुलें। जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी है कि सुबह स्कूल नहीं खोले जायें। मंगलवार से छाये कुहासे और ठंडी हवा से आज भी राहत नहीं मिली।

राजधानी लखनऊ तथा इसके आसपास के जिलों में पूरे दिन बादल छाये रहे। शीतलहर जारी है। लोग घरों में दुबके रहे। सुबह से ही सड़कों पर आवाजाही कम थी। गोरखपुर, वाराणसी, फैजाबाद तथा लखनऊ मंडलों में तापमान सामान्य से पांच से आठ डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। गाजीपुर में सबसे अधिक 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान कानपुर शहर में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य में कुहासे के साथ ही तेज हवा चल रही है। लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। राजधानी में भी सड़कों पर जगह.जगह अलाव जल रहे हैं और पैदल गुजरते लोग कुछ समय के लिये आग के परस खड़े हो जा रहे हैं। हरियाणा में नारनौल का पारा दो डिग्री तथा हिसार का चार डिग्री दर्ज किया गया। क्षेत्र में सर्द हवाओं के चलते दिन में पारा सामान्य से सात डिग्री नीचे चला गया है।

चंडीगढ़ में न्यूनतम पारा आठ डिग्री , अंबाला में सात डिग्री , करनाल में आठ डिग्री , भिवानी तथा रोहतक में छह डिग्री , अमृतसर में छह डिग्री , लुधियाना में सात डिग्री , पटियाला में आठ डिग्री , पठानकोट में पांच डिग्री , आदमपुर में छह डिग्री एबठिंडा में पांच डिग्री और गुरदासपुर में सात डिग्री रहा।

दिल्ली में सात डिग्री, श्रीनगर में शून्य से कम तीन डिग्री और जम्मू का पारा चार डिग्री रहा। हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है लेकिन धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत मिली है। हालांकि हिमपात के कारण बंद सैकडों सड़कों पर यातायात अब तक बहाल नहीं हो सका है। कुछ इलाकों में पारा शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है।