Breaking News

संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से किया जाय क्रियान्वित: मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभाव ढंग से क्रियान्वित किया जाय।

अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने शनिवार को यहां बताया कि श्री योगी ने कहा है कि प्रदेश में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है। सभी सम्बन्धित विभाग समन्वय बनाकर अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिलों में जाकर संचारी रोग अभियान की समीक्षा करेंगें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने खाद्यान्न वितरण के तहत सामान्य वितरण तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के कार्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि वितरण कार्य को पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करते हुए सभी जरूरतमंदों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा है कि जी0एस0टी0 कलेक्शन में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

श्री अवस्थी ने बताया कि गृह विभाग की धारा 188 के तहत 83,845 एफआईआर दर्ज करते हुये 2,15,598 लोगों को नामजद किया गया है। आगरा जोन में 7,201, प्रयागराज में 3,608, बरेली में 9,680, गोरखपुर में 5,690, कानपुर में 13,171, लखनऊ में 16,279, मेरठ में 11,059, वाराणसी में 13,758, लखनऊ कमिश्नरी में 997 और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरी में 2,402 केस दर्ज किये गये हैं। प्रदेश में अब तक 83,74,955 वाहनाें की सघन चेकिंग में 60,745 वाहन सीज किये गये।

चेकिंग अभियान के दौरान 39,21,95,427 रूपए का शमन शुल्क वसूल किया गया। कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने वाले 972 लोगों के खिलाफ 731 एफआईआर दर्ज करते हुए 351 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि फेक न्यूज के तहत अब तक 1677 मामलों को संज्ञान में लेते हुए कार्यवाही की गई है। 04 जुलाई को कुल 22 मामले, जिनमें ट्विटर के 14, फेसबुक के 08 मामले को संज्ञान में लिया गया है तथा साइबर सेल को आवश्यक कार्रवाई के लिये कहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 2765 हाॅटस्पाॅट के 799 थाना क्षेत्रों के 8,42,400 मकानों के 49,38,024 लोगों को चिन्हित किया गया है। इन हाॅटस्पाॅट क्षेत्रों में कोरोना पाॅजीटिव लोगों की संख्या 7,852 है। इंस्टी्यूशनल क्वारेंटाइन किये गये लोगों की संख्या 9,516 है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में हाॅटस्पाॅट वाले बस्तियों में 4412 डोर स्टेप डिलिवरी मिल्क बूथ/मैन के द्वारा दूध वितरित किया गया है। डोर स्टेप डिलिवरी ‘फल, सब्जी आदि’ कुल 6617 वाहन लगाये गये हैं। डोर स्टेप डिलिवरी वाले प्रोविजन स्टोर की संख्या 5167 है। हाॅट स्पाॅट क्षेत्रों में कुल 40 प्रचलित सामुदायिक किचन हैं। इन बस्तियों में 13,91,700 राशन कार्डों पर खाद्यान्न का वितरण किया गया है।

श्री अवस्थी ने बताया कि निर्माण कार्यों से जुडे़ 18.14 लाख श्रमिकों, नगरीय क्षेत्र के 8.91 लाख श्रमिकों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के 6.74 लाख निराश्रित व्यक्तियों को एक-एक हजार रूपये के आधार पर कुल 33.79 लाख लोगों को 337.89 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। प्रदेश की पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्यूपमेन्ट एवं मास्क सहित कुल 70 इकाईयां क्रियाशील हैं। प्रदेश में 1127 फ्लोर मिल, 503 तेल मिल एवं 332 दाल मिल संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कल उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की 6000 से अधिक बसों के माध्यम से लगभग 7,25,000 लोगों ने यात्रा की।