राफेल सौदे में देश के साथ हुआ धोखा – कांग्रेस

नयी दिल्ली, कांग्रेस ने कहा है कि उसके शासन के दौरान 2012 में फ्रांस के साथ राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के करार से देश में रोजगार और विदेशी निवेश आना था लेकिन भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने इस समझौते को रद्द कर देश की जनता के साथ धोखा किया है।

पार्टी ने गुरुवार को अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर कहा, “कांग्रेस सरकार ने जो राफेल डील की थी, उससे देश में मेड इन इंडिया के तहत 108 राफेल एचएएल द्वारा बनाये जाते, जिससे देश में अधिक रोजगार और अधिक निवेश आता। भाजपा सरकार ने जो राफेल डील की है, उसमें एक भी विमान भारत में नहीं बनेगा।”

कांग्रेस ने कहा कि मोदी सरकार ने राफेल विमानों के सौदे में होने वाले इस फायदे को पलट दिया और पूरा सौदा ही रद्द कर नये सिरे से से इन विमानों की खरीद का करार किया। भाजपा सरकार ने जो समझौता किया है वह देश के साथ घोखा और विश्वासघात है।

पार्टी ने कहा, “ भाजपा ने राफेल समझौते को बदल कर देश के साथ विश्वासघात किया है और 126 लड़ाकू विमानों के सौदे को 36 विमानों में बदल कर देश की वायुसेना की शक्ति को बढ़ने से रोका है। इसके बाद भी भाजपा झूठ बोल कर लगातार देश को गुमराह कर रही है।”

Related Articles

Back to top button