संविधान दिवस पर बोला विपक्ष, भाजपा  सरकार नहीं चला रही बल्कि संविधान..

नयी दिल्ली, संविधान दिवस पर  आयोजित ‘संविधान सम्मान समारोह’ में विपक्ष ने संविधान को लेकर भाजपा पर तीखा हमला किया। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार संवैधानिक संस्थाओं को एक सोच के तहत कमजोर कर संविधान को बदलने की साजिश कर रही है और इसके कारण देश के समक्ष संविधान बचाने की सबसे बड़ी चुनौती खड़ी हो गयी है।

ये विचार कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी तथा लोकतांत्रिक जनता दल के नेताओं ने संविधान दिवस पर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग द्वारा आयोजित ‘संविधान सम्मान समारोह’ में व्यक्त किए। समारोह में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डी राजा, लोकतांत्रिक जनता दल के अध्यक्ष शरद यादव, कांग्रेस महासचिव हरीश रावत, वरिष्ठ नेता भक्तचरण दास, के राजू, अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख जतिन राउत, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, जतिन प्रसाद तथा नदीम जावेद सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए डी राजा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी  सरकार नहीं चला रही है बल्कि संविधान को कमजोर कर इसे बदलने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जिस तरह के काम कर रही है उसके कारण देश आज सबसे बड़े चुनौतीपूर्ण और कठिन दौर से गुजर रहा है।

सत्ता उन लोगों के हाथों में है जो आरंभ से ही हिंदू राष्ट्र की बात कर संविधान को बदलने की मांग करते रहे हैं।उन्होंने कहा कि जो चुनौती पैदा की गयी है उससे कांग्रेस के साथ ही सभी विपक्षी दलों को मिलकर लड़ना है। देश को बचाना है तो इसके लिए भाजपा को हटाना होगा। संविधान को बचाना है तो मोदी सरकार को बाहर का रास्ता दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर इन चुनौतियों से निटपने के लिए तैयार है।

Related Articles

Back to top button