Breaking News

देश में कोरोना मामले 27 लाख के पार, 52 हजार के करीब मौतें हुईं

कोरोना मामले 27 लाख के पार, 19.73 लाख से अधिक स्वस्थ

नयी दिल्ली , देश में सोमवार रात तक कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के 52 हजार से अधिक नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 27 लाख के पार पहुंच गयी तथा 866 और लोगों की मौत होने से मृतकाें की तादाद 52 हजार के करीब पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 73 फीसदी के पार पहुंच गयी है।

विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार, आज देर रात तक 52,934 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 27,00,088 हो गयी तथा मृतकों की संख्या 51,911 हो गयी है। स्वस्थ होने वालों की दर में निरंतर हो रही वृद्धि के कारण देश में पहली बार इस दौरान सक्रिय मामलों में 2,356 मरीजों की कमी दर्ज की गयी जिससे इनकी संख्या घटकर 6,74,544 हो गयी है।

राहत की एक ओर बात यह है कि इस दौरान 55,050 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त हाेने वालों की संख्या भी 19,73,126 पर पहुंच गयी। इस प्रकार स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर बढ़कर आज 73.07 पहुंच गयी जो रविवार को 72.36 प्रतिशत थी जबकि मृत्यु दर घटकर 1.92 फीसदी रह गयी।

राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 8493 मामले सामने आये। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 6780, कर्नाटक में 6317, तमिलनाडु में 5,890, उत्तर प्रदेश में 3798, पश्चिम बंगाल में 3080, असम में 2792, बिहार में 2,592, ओडिशा 2244, केरल में 1725 , पंजाब में 1489 , गुजरात में 1033 तथा राजधानी दिल्ली में महज 787 मामले सामने आये।

कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 8,493 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या आज रात बढ़कर 6,04,358 हो गयी तथा इस दौरान रिकॉर्ड 11,391 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या भी 4,28,514 हो गयी लेकिन राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 71 फीसदी के करीब पहुंच गयी है। इस दौरान 228 और लोगों की इससे मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 20,265 हो गयी है।

राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक वृद्धि के साथ बढ़कर 70.90 फीसदी हो गयी जो रविवार को 70 प्रतिशत थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर भी घटकर 3.35 प्रतिशत पर आ गई। राहत की एक और बात यह है कि राज्य में आज सक्रिय मामलों में 3,127 की कमी दर्ज की गयी। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,55,268 रही जो रविवार को 1,58,395 रही थी। सभी मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।

आंध्र प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 84,777 रह गए है। पिछले 24 घंटों के दौरान 6,780 नये मामले सामने आने से आज संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,96,609 हो गयी है। इस दौरान 82 और लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 2,732 पहुंच गया है। इस अवधि में 7,866 मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या दो लाख के पार होकर 2,09,100 तक पहुंच गयी है।
कर्नाटक में संक्रमितों की संख्या दो लाख को पार कर बढ़कर 2,26,966 हो गयी है। इस दौरान 6,680 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या एक लाख को पार कर 1,41,491 हो गयी है और मृतकों की संख्या बढ़कर 3,947 हो गयी है और राज्य में सक्रिय मामले 81,510 है।
तमिलनाडु में कोरोना के 5,890 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,43,945 हो गयी है। इस दौरान 5,667 मरीजों के स्वस्थ होने से रोगमुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 2,83,937 हो गयी है। राहत की एक और बात यह है कि राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 54,122 सक्रिय मामले हैं। राज्य में इसी अवधि में 120 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,886 हो गयी है।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़ी है राज्य में सक्रिय मामले 50,893 हो गये हैं तथा इस महामारी से 2515 लोगों की मौत हुई है जबकि 1,04,808 मरीज ठीक हुए हैं।
दिल्ली स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से आज जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में संक्रमितों की कुल संख्या 1,53,367 पर पहुंच गई। इस दौरान 740 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना वायरस को मात देने वाल़ों का कुल आंकड़ा 1,38,301 हो गया। दिल्ली में कोराेना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या आज 18 रही और राजधानी में यह जानलेवा वायरस अब तक 4,214 की जान ले चुका है। सक्रिय मामलों में 600 से अधिक की कमी भी आज एक और राहत की बात रही। दिल्ली में सक्रिय मामले गत दिवस के 10,823 से 29 बढ़कर आज 10,852 रह गये। राजधानी में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या आज आठ बढ़कर 557 हो गई।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान 14,988 कोरोना जांच की गई। राजधानी में कोराेना के 13,17,108 नमूनों की अब तक जांच हो चुकी हैं और 10 लाख की आबादी पर जांच का औसत 69 हजार से अधिक 69,321 हो गया है।
सक्रिय मामलों में इसके बाद देश के पूर्वी राज्य पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 27,402 सक्रिय मामले हैं तथा 2,473 लोगों की मौत हुई है, वहीं अब तक 89,703 लोग स्वस्थ हुए हैं।
इसके बाद बिहार का स्थान है, जहां यह संख्या काम हो कर 29,369 हो गयी है। राज्य में 542 लोगों की मौत हुई है जबकि 76,706 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं।
तेलंगाना में कोरोना के 21,420 सक्रिय मामले हैं और 703 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 70,132 लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।
गुजरात में सक्रिय मामले बढ़कर 14,337 रह गए हैं तथा 2,800 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 62,679 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।
कोरोना महामारी से अब तक मध्यप्रदेश में 1128, राजस्थान में 886, पंजाब में 862, हरियाणा में 550, जम्मू-कश्मीर में 548, ओडिशा में 406, झारखंड में 244, असम में 197, उत्तराखंड में 158, केरल में 170, छत्तीसगढ़ में 148, पुड्डुचेरी में 114, गोवा में 111, त्रिपुरा में 59, चंडीगढ़ में 30, अंडमान निकाेबार द्वीप समूह में 29, हिमाचल प्रदेश में 18, मणिपुर में 17, लद्दाख में 14, नागालैंड में सात, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में पांच, दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो तथा सिक्किम में एक व्यक्ति की मौत हुई है।