Breaking News

झारखंड में कोरोना का कहर, एक दिन में मिले रिकार्ड 3218 संक्रमित

रांची, झारखंड के सभी 24 जिले में सोमवार को कोरोना के रिकार्ड 3218 नये संक्रमित मिलने की पुष्टि होने के बाद राज्य में कोविड-19 की चपेट में आने वालों की संख्या बढ़कर 41656 हो गयी है वहीं, सात लोगों की मौत हो गयी।

झारखंड सरकार की ओर से देर शाम यहां जारी कोविड बुलेटिन के अनुसार, राजधानी रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) समेत विभिन्न जिले में मौजूद सरकारी एवं निजी जांच केन्द्रों में 154667 स्वाब सैंपल की जांच में 3218 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।

रिपोर्ट के अनुसार, बोकारो में पांच, चतरा में 103, देवघर में 43, धनबाद में 153, दुमका में 29, पूर्वी सिंहभूम में 630, गढ़वा में 57, गिरिडीह में 77, गोड्डा में 47, गुमला में 147, हजारीबाग में 170, जामताड़ा में 49, खूंटी में सात, कोडरमा में 245, लातेहार में 96, लोहरदगा में 98, पाकुड़ में 54, पलामू में 127, रामगढ़ में 162, रांची में 292, साहेबगंज में 121, सरायकेला में 227, सिमडेगा में 69 और पश्चिम सिंहभूम में 210 संक्रमित मिले हैं। राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 41656 हो गयी है।

कोविड बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में कोविड-19 के अभी 14096 एक्टिव मामले हैं। अब तक 27143 संक्रमित पूरी तरह रिकवर हो चुके हैं जबकि वैश्विक महामारी से 417 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इस समय सूबे में कोरोना संक्रमितों की रिकवरी रेट करीब 65 प्रतिशत है।