Breaking News

15 जवानों सहित 17 लाेगों में कोरोना संक्रमण

कांकेर, छत्तीसगढ़ के कांकेर में कोरोना वायरस की जांच रिपोर्ट में नक्सल मोर्चे पर तैनात 15 जवानों सहित कुल 17 लोगों में कोविड 19 का संक्रमण पाया गया है।

पुलिस अधीक्षक एम ए अहिरे ने बताया कि कल रात को कांकेर में पहले 3 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई। जिसमें एक सीमा सुरक्षा बल का जवान भी था। जवान छुट्टी से वापस लौटा है। इसके बाद रात 11 बजे के आसपास सीमा सुरक्षा बल के 14 और जवानों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें से 10 जवान कोयलीबेड़ा ब्लॉक के बांदे कैंप में पदस्थ है, वहीं 5 जवान अंतागढ़ के कैंप में पदस्थ हैं।

सभी 15 जवान हाल ही में छुट्टी से लौटे हैं। जवानों के किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आकर कोरोना की चपेट में आने की जानकरी अभी नहीं मिल सकी है। पॉजिटिव पाए गए जवानों को आज सुबह अस्पताल भेजा गया है। साथ ही अब सीमा सुरक्षा बल के जिन कैंप में ये जवान पदस्थ थे, वहां के जवानों की जांच की जा रही है।

नक्सल मोर्चे पर तैनात बीएसएफ जवानों के लिए अब नक्सलियों के साथ-साथ कोरोना से निपटना एक बड़ी चुनौती बन सकती है। एक ही दिन में 15 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों में हड़कंप मच गया है। इसके पहले नारायणपुर, कोंडागांव, सुकमा में भी नक्सल मोर्चे पर तैनात जवान कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।