Breaking News

मृत तेंदुए को कुए से निकाला गया

बड़वानी,मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय से पांच किलोमीटर दूर बोमिया ग्राम स्थित एक कुएं से वन विभाग के अमले ने गाय से शिकार के दौरान हुए संघर्ष में कुएं में गिरे तेंदुए को मृत अवस्था में बाहर निकाल लिया है।

बड़वानी के वनमंडल अधिकारी डॉ अनुपम सहाय ने बताया कि बोमिया स्थित ग्राम पंचायत के पास एक कुएं से मृत तेंदुए को एक खाट की सहायता से कल निकाला गया और पोस्टमार्टम के उपरांत अंतिम संस्कार किया गया। उन्होंने बताया कि आठ वर्षीय नर तेंदुए की मृत्यु डूबने के चलते हुई है और इसका विसरा जांच के लिए भेजा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को तेंदुआ शिकार के लिए गाय का पीछा कर रहा था और इसी दौरान दोनों में संघर्ष हुआ और दोनों घिसटते हुए ढलान पर कुएं में जा गिरे। पहले तेंदुआ गिरा और उसके ऊपर गाय। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर गाय के शव को निकाला गया। इसी दौरान तेंदुए के शव के बारे में पता चला और उसे भी खाट की सहायता से बाहर निकाला गया।

उन्होंने बताया कि गाय के शरीर पर तेंदुए के पंजे के निशान हैं लेकिन तेंदुए के शरीर पर कोई चोट नहीं पाई गई। डॉ सहाय ने बताया कि क्षेत्र में अनुकूल परिस्थितियां होने के चलते काफी संख्या में तेंदुए पाए जाते हैं। उन्होंने अपने स्तर पर ‘वाइल्ड लाइफ विंग’ को इनका सर्वे कराने के लिए पत्र लिखा है। यदि इसकी अनुमति मिलती है तो सितंबर माह में सर्वे कराया जाएगा।