घूंघट में रहने वाली बहू बनी सिविल जज, दीपू कंवर ने 79वीं रैंक के साथ रचा इतिहास

राजस्थान के बाड़मेर जिले के जालीपा गांव की रहने वाली दीपू कंवर ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत के दम पर बड़ी कामयाबी हासिल की है। शादीशुदा होने और एक बेटी की मां होने के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को जिंदा रखा और आखिरकार गुजरात स्टेट ज्यूडिशियल सर्विस परीक्षा पास कर सिविल जज बनने का सपना पूरा कर लिया।

इस परीक्षा में दीपू कंवर को 79वीं रैंक मिली है। एक साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचना आसान नहीं था, लेकिन उनकी मेहनत और परिवार के सहयोग ने उन्हें यह उपलब्धि दिलाई।

परिवार ने दिया पूरा साथ

दीपू कंवर बताती हैं कि उनकी शादी को करीब सात साल हो चुके हैं। इस दौरान उनके ससुराल वालों ने हमेशा उनका मनोबल बढ़ाया। परिवार ने कभी उन्हें पढ़ाई छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया, बल्कि हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। उनके ससुर अक्सर कहते थे कि पहले अपनी पढ़ाई और लक्ष्य पर ध्यान दो।

घर से ही की तैयारी

दीपू ने अपनी ज्यादातर पढ़ाई ससुराल के ही एक कमरे में बैठकर की। वही कमरा उनके लिए पढ़ाई का सबसे बड़ा सहारा बन गया। वहीं रहकर उन्होंने कानून की पढ़ाई की और ज्यूडिशियल सर्विस परीक्षा की तैयारी जारी रखी। पढ़ाई के साथ वह घर की जिम्मेदारियां भी निभाती रहीं।

कई बार मिली नाकामी

दीपू कंवर की सफलता के पीछे कई चुनौतियां भी रही हैं। उन्होंने साल 2022 में पहली बार ज्यूडिशियल सर्विस परीक्षा दी थी। उस समय उन्होंने प्रीलिम्स और मेंस दोनों पास कर लिए थे, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो पाया।

इसके बाद 2023 में उन्होंने दोबारा कोशिश की, लेकिन इस बार मेंस परीक्षा में ही सफलता नहीं मिल सकी। लगातार दो बार असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपनी तैयारी जारी रखी।

आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने गुजरात स्टेट ज्यूडिशियल सर्विस परीक्षा पास कर ली। 79वीं रैंक हासिल कर दीपू कंवर ने यह साबित कर दिया कि अगर हौसला मजबूत हो तो किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

 

 

Related Articles

Back to top button