प्रयागराज में उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने बहाई विकास की गंगा

लखनऊ , उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पर्यावरण को संतुलित रखने की आवश्यक पर बल देते हुए कहा कि सरकार ने इस वर्ष 25 करोड़ पौधे रोपित किये जाने का लक्ष्य रखा है।

श्री मौर्य ने शनिवार को प्रयागराज के अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष 25 करोड़ पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी लोग अपना सहयोग प्रदान करें।

उप मुख्यमंत्री ने प्रयागराज के अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में आज लोक निर्माण विभाग की 661 करोड़ रुपये की लागत की 566 परियोजनाओं का डिजिटली लोकार्पण/शिलान्यास किया।

उन्होंने प्रयागराज से कौशांबी के लिये रवाना होने से पूर्व अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों से संवाद किया एवं जनसुनवाई की। जनता दर्शन के दौरान उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्या का हर संभव समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जन समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें।

उप मुख्यमंत्री आज कौशांबी के कमासिन में निर्माणाधीन अतिथि गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने कौशांबी के संयारा में निर्माणाधीन रेल ऊपरिगामी सेतु का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जल्द ही आम जनों के उपयोग के लिये समर्पित होगा। उप मुख्यमंत्री ने कौशांबी में स्थानीय विषयों पर जनप्रतिनिधियों, व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी की।

Related Articles

Back to top button