Breaking News

पिछले 24 घंटों में दर्जनों आतंकवादी मारे गये

काबुल, अफगानिस्तान के दक्षिणी प्रांत जाबुल और हेलमंड में पिछले 24 घंटों में दर्जनों आतंकवादी मारे गये। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

प्रांतीय पुलिस प्रमुख के अनुसार तालिबान आतंकवादियों ने जाबुल में स्थानीय समयानुसार लगभग दो बजे नूरोर्क क्षेत्र के एक अफगान नेशनल आर्मी बेस पर हमला किया जो सुबह लगभग पांच बजे तक चला। पुलिस प्रमुख ने कहा,“ भिड़ंत में आठ तालिबानी आतंकवादी मारे गये वहीं तीन अन्य घायल हो गये। इस भिड़ंत में किसी भी नागरिक या सैनिक को चोट नहीं आयी हैं।”

अफगान वायु सेना ने शुक्रवार दोपहर प्रांत के शिंकई जिले में तालिबानी ठिकानों पर धावा बोल दिया जिसके जवाब में तालिबानियों ने यह हमले किये। पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद लाल अमिरी ने बताया कि इस हमले में तीन तालिबानी आतंकवादी मारे गये। इसके अलावा हेलमंड पुलिस ने कहा कि नहर-ए-सराज जिले के स्पिन मस्जिद इलाके में हुए हमले में छह तालिबानी आतंकवादियों की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गये।

उसी रात नाद अली जिले के खुशाल गांव में इसी तरह की भिड़ंत चार तालिबानी आतंकवादियों की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये। अफगानी सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों से हथियार और गोलाबारूद बरामद किये हैं। तालिबान ने इस भिड़ंत पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।