Breaking News

यह सुनिश्चित किया कि कोई श्रमिक पैदल न आये-मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ,उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रवासी श्रमिक किसी भी दशा में पैदल न आये।

श्री योगी ने बुधवार को लोक भवन में एक उच्च स्तरीय बैठक में लाॅकडाउन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि कोई श्रमिक पैदल न आये। उनके लिए वाहन उपलब्ध करवाये जाएं। सभी प्रवासी कामगारों/श्रमिकों की स्क्रीनिंग कर उन्हें क्वारंटीन किया जाए। अस्वस्थ होने की दशा में इनके उपचार की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रवासी श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए वृहद कार्ययोजना बनायी जाय। प्रदेश में रह रहे अन्य राज्यों के श्रमिकों को उनके गृह राज्य में भेजने के लिए सम्बन्धित राज्य से सूची उपलब्ध कराई जाए। दुकानों, मण्डियों, बैंक शाखाओं आदि में सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी लोग मास्क अवश्य पहनें। गांव तथा शहर में सर्विलांस कार्य को और प्रभावी करने के लिए निगरानी समितियों को सुदृढ़ बनाया जाए।

श्री योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्प लाइन के द्वारा निगरानी समितियों के सदस्यों से संवाद जारी रखा जाए। उन्होंने आगरा, मेरठ तथा कानपुर नगर में लाॅकडाउन को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में प्रवासी कामगार/श्रमिक आ रहे हैं। इसके क्वारंटीन की क्षमता को बढ़ाया जाए। कम्युनिटी किचन व्यवस्था को और बेहतर बनाते हुए सभी के लिए पर्याप्त भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। यह सुनिश्चित हो कि कोई भी भूखा न रहे।