सपा और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थक में प्रचार के दौरान हुई फायरिंग और तोड़फोड़

अयोध्या, उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के दौरान अयोध्या में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशियों के समर्थक शुक्रवार को आपस में भिड़ गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना थाना महाराजगंज के नेव कबीरपुर के पास हुई। यह मामला गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र का है। जहां सपा प्रत्याशी अभय सिंह एवं भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के पति खब्बू तिवारी के समर्थकों के बीच प्रचार के दौरान आपस में भिड़ंत हुयी।

इसमें हवाई फायरिंग एवं एक दूसरे की गाड़ियों में तोड़फोड़ किये जाने की जानकारी मिली है। घटना के दौरान भाजपा नेता विकास सिंह बाल-बाल बच गये। लेकिन प्रचार कर रही करीब आधा दर्जन गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की गयी है। घटना की जानकारी होते ही भारी संख्या में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों गुटों को अलग कर बीच-बचाव किया। वहीं मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अभय सिंह स्वयं फायरिंग कर रहे थे। इस घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी रोष है। वहीं भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने में एकत्रित हो गये।

Related Articles

Back to top button