Breaking News

पूर्व भारतीय क्रिकेटर लेग स्पिनर चंद्रशेखर अस्पताल में भर्ती

बेंगलुरु, भारतीय टीम के पूर्व लेग स्पिनर बीएस चंद्रशेखर को हल्का स्ट्रोक पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन उनकी हालत स्थिर बतायी जाती है।

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के सूत्रों के अनुसार 75 वर्षीय चंद्रशेखर को हल्का स्ट्रोक पड़ने के बाद आईसीयू में भर्ती कराया गया था। चंद्रशखेर ने अपने करियर में 58 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें 29.74 के औसत से 242 विकेट लिए हैं।

चंद्रशेखर की हालत अब स्थिर बतायी जाती है और उन्हें जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया है। चंद्रशेखर अपना जमाने के बेहतरीन लेग स्पिन गेंदबाज थे और 1971 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की ऐतिहासिक सीरीज जीत में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा था। वह भारत की बिशन सिंह बेदी, ईरापल्ली प्रसन्ना, चंद्रा और एस वेंकटराघवन की मशहूर स्पिन चौकड़ी के महत्वपूर्ण सदस्य थे।

कुछ दिन पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली को भी हल्का दिल का दौरा पड़ने के बाद कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले पिछले वर्ष अक्टूबर में भारत के विश्वकप विजेता कप्तान कपिल देव को भी दिल का दौरा पड़ने के बाद दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था जिसके बाद स्वस्थ होकर वह वापस घर लौटे थे।