Breaking News

पूर्व मंत्री व यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जगदेव सिंह यादव का निधन

लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष जगदेव सिंह यादव का निधन हो गया है। आप कोरोना से संक्रमित थे।

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव  सरकार मे दर्जा प्राप्त मंत्री जगदेव सिंह यादव का देर रात्रि कानपुर में निधन हो गया। वह कई दिनों से कोरोना से संक्रमित होने के कारण बीमार चल रहे थे और कानपुर मे निजी अस्पताल में भर्ती थे।

जगदेव सिंह यादव मूलत: कानपुर के रहने वाले थे। सन् 2012 में  भारतीय जनता पार्टी ने उन्हे कन्नौज लोकसभा सीट से डिंपल यादव के खिलाफ  अपना उम्मीदवार अंतिम समय में बनाया था।  लेकिन समय सीमा समाप्त हो जाने की वजह से जगदेव सिंह यादव अपना नामांकन दाखिल नहीं कर पाए थे और डिंपल यादव निर्विरोध सांसद हो गईं थीं।

आप सन् 2012 में  ही  समाजवादी पार्टी में शामिल हो गये थे और तत्कालीन अखिलेश यादव सरकार में उन्हें  दर्जा प्राप्त मंत्री पद दिया गया था। जगदेव सिंह यादव अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष भी थे। तीन वर्ष पूर्व यादव महासभा का अध्यक्ष बनते ही उन्होने संगठन मे जान फूंक दी थी। प्रदेश मे पहली बार लखनऊ में उन्होने यादव महासभा  के प्रदेश कार्यालय की स्थापना की। योगी सरकार बनते ही यादव समाज के लोगों पर प्रदेश भर में शुरू हुये उत्पीड़न, हत्या और भेदभाव के खिलाफ उन्होने लखनऊ मे विशाल धरना प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन दिया था।