Breaking News

महिलाओं के लिए सबसे खतरनाक जगह उनका घर, संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में हुआ खुलासा

वियना,  दुनिया में महिलाओं के लिए सबसे खतरनाक जगह उनका घर ही है। दुनिया में हर एक घंटे में छह महिलाओं की उनके ही करीबी हत्या कर देते हैं।

पूरी दुनिया में पिछले साल जितनी महिलाओं की हत्या हुई, उनमें आधे से ज्यादा मामलों में गुनहगार उनके पार्टनर या परिवार के सदस्य ही थे। यह खुलासा संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक,  2017 में हर दिन 137 महिलाओं की उनके परिवार के सदस्यों ने ही हत्या कर दी।

ये आंकड़े संयुक्त राष्ट्र के ड्रग्स और क्राइम विभाग (यूएनओडीसी) ने इंटरनेशनल डे फॉर द एलिमिनेशन ऑप वॉयलेंस अगेंस्ट वूमेन पर जारी किए। इसमें बताया गया कि 2017 के दौरान पूरे दुनिया में 87 हजार महिलाओं की हत्या हुई। इनमें करीब 50 हजार महिलाओं का कत्ल उनके पार्टनर या परिवार के सदस्यों ने किया। 50 हजार में भी करीब 30 हजार महिलाओं को उनके पति या प्रेमी ने मार डाला।

यूएनओडीसी के प्रमुख यूरी फेडोतोव ने बताया कि महिलाओं की हत्या की वजह लैंगिक असमानता, भेदभाव और रूढ़िवादी परंपराएं हैं। हकीकत यह है कि घर में पुरुषों से रिश्तों में असंतुलन होने पर महिलाओं को इस तरह की हिंसा का सामना करना पड़ता है। पूरी दुनिया में एक लाख महिलाओं में से 1.3% महिलाओं की हत्या हो जाती है।

रिपोर्ट में बताया गया कि अफ्रीका और अमेरिका में करीबियों के हाथों महिलाओं की हत्या सबसे ज्यादा होती है। अफ्रीका में एक लाख महिलाओं में हर साल 3.1% की हत्या होती है। वहीं, अमेरिका में 1.6% महिलाएं, ओसिनिया में 1.3%, एशिया में 0.9% और यूरोप में 0.7% महिलाएं मार दी जाती हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं के खिलाफ होने वाले इन अपराधों को रोकने के लिए उनकी सुरक्षा बढ़ाने और उन्हें सक्षम बनाने की जरूरत है। साथ ही, पुलिस और कानून व्यवस्था में सामंजस्य बेहतर होना चाहिए।