Breaking News

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस को लेकर आई अच्छी खबर

मुंबई , देश में कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के नये मामलों में कमी होने और इसकी तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या अधिक होने से बुधवार को सक्रिय मामलों में फिर से कमी दर्ज की गयी और इनकी संख्या घट कर अब 88,000 के करीब पहुंच गयी।

राज्य में इस दौरान स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि होने के कारण सक्रिय मामलों में 4,391 की और गिरावट दर्ज की गयी। सक्रिय मामलों की संख्या घट कर अब 88,070 रह गयी है।

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 4,907 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 17,31,833 पहुंच गयी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इसी अवधि में 9,164 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 16 लाख के करीब 15,97,255 हो गयी है तथा 125 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 45,560 हो गयी है।

राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर में आंशिक वृद्धि के साथ 92.23 फीसदी हुई जबकि मृत्यु दर महज 2.63 प्रतिशत है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र पूरे देश में कोरोना संक्रमण और इससे होने वाली मौत के मामले में पहले स्थान पर है। सबसे अधिक सक्रिय मामले भी इसी राज्य में हैं।