डॉ. रिचा गंगवार की पुस्तक “गर्भ संस्कार” का भव्य विमोचन

लखनऊ, आज राजधानी लखनऊ में प्रख्यात स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रिचा गंगवार द्वारा लिखित महत्वपूर्ण पुस्तक “गर्भ संस्कार” का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया।
यह पुस्तक गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के अनुभवों, भावनाओं एवं आवश्यक देखभाल को सरल एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है। “गर्भ संस्कार” न केवल मातृत्व की यात्रा को संजोने का माध्यम बनेगी, बल्कि गर्भवती महिलाओं के लिए एक मार्गदर्शक के रूप में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
डॉ. रिचा गंगवार लखनऊ की एक सुप्रसिद्ध एवं अनुभवी महिला रोग विशेषज्ञ हैं। वे पूर्व में सहारा एवं मैक्स जैसे प्रतिष्ठित अस्पतालों में मुख्य विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं तथा वर्तमान में क्लाउड नाइन हॉस्पिटल, गोमती नगर में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अब तक हजारों दंपत्तियों का सफल उपचार कर उन्हें सुखद मातृत्व एवं पितृत्व का अनुभव कराया है।
इस पुस्तक के लेखन में डॉ. कृष्ण प्रताप मल्ल (प्रोफेसर, ऐरा मेडिकल कॉलेज), जो कि उनके पति हैं, का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने ही इस भव्य विमोचन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ की महापौर माननीया सुषमा खर्कवाल जी उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. सी.एम. सिंह (निदेशक, राम मनोहर लोहिया अस्पताल) एवं लखनऊ के युवा विधायक माननीय अवनीश सिंह जी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में डॉ. सुचिता चतुर्वेदी, डॉ. ऋचा राजपूत, डॉ. कुमुद श्रीवास्तव, डीएम कटियार, सत्येंद्र पीएस, प्रो. मनीष हिन्दवी, आलोक वर्मा, दीपक मल्ल, रामानंद कटियार, अंजलि वर्मा, डॉ. शैलेष त्रिपाठी, धनंजय शुक्ला, अमरदीप त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया और डॉ. रिचा गंगवार को इस महत्वपूर्ण रचना के लिए शुभकामनाएं दीं।





