Breaking News

इन इलाकों में हो सकती है भारी बारिश…..

नई दिल्ली,जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर बर्फबारी और भारी बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। मौसम विभाग  ने बर्फबारी के बाद शीतलहर की आशंका जताई है। पूर्व मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में घने कोहरे की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद मंडी जिले में बरोट घाटी बर्फ से पूरी तरह ढक गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां शीत लहर की स्थिति राज्य में और बढ़ने वाली है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बिजली महादेव मंदिर के आसपास के पहाड़ों में ताजा बर्फबारी हुई है। इसके अलावा जम्मू और कश्मीर के डोडा जिले में भी आज ताजा बर्फबारी हुई है।वहीं उत्तर भारत के तीन पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में तीन दिन से बर्फबारी और बारिश जारी है।

उत्तर पश्चिमी भारत में बारिश के आसार है। मौसम विभाग की मानें तो इसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में आज रहेगा। आज कुछ जगहों पर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में आज घना कोहरा रहेगा। वहीं अगले दो दिन बिहार, ओडिशा, उत्तर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की संभावना है।

तीनों ही राज्यों के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान हिमस्खलन और बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही लोगों को हिदायत दी गई है कि मौसम के पूरी तरह से साफ होने तक घरों से बाहर न निकलें। इसके साथ ही उन्हें घरों की छतों पर बर्फ को जमा न होने देने को कहा है।