Breaking News

राष्ट्रीय अम्पायरों के प्रबंधक के निधन पर हॉकी इंडिया शोकाकुल

नयी दिल्ली, हॉकी इंडिया ने राष्ट्रीय अम्पायरों के प्रबंधक वीरेंद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उनका उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोमवार को कोरोना संबंधित जटिलताओं के कारण निधन हो गया था। वह 47 वर्ष के थे।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोबम ने जोशी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “ हम वीरेंद्र सिंह के असामयिक निधन से बेहद दुखी हैं। मैचों से जुड़े काम के अलावा वह अंपायर और तकनीकी अधिकारियों से जुड़े हॉकी इंडिया के कार्यों में सक्रिय रूप से शामिल थे। दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। ”
उल्लेखनीय है कि वीरेंद्र ने हॉकी इंडिया के साथ सक्रिय रूप से कई अखिल भारतीय टूर्नामेंट और हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में भाग लिया था। वीरेंद्र ने हाल ही में 56वें अखिल भारतीय वीर सिंह जू देव मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट और पांचवें अखिल भारतीय राजमाता विजय राजे सिंधिया महिला हॉकी टूर्नामेंट में अंपायर के प्रबंधक के रूप में कार्य किया था। उन्होंने बेंगलुरू कप आमंत्रण अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट 2019 (पुरुष) बेंगलुरु, अखिल भारतीय स्वामी श्रद्धानंद हॉकी टूर्नामेंट 2019 हरिद्वार और उत्तराखंड सहित अन्य कार्यक्रमों के चौथे संस्करण में भी भाग लिया था। भारतीय रेलवे में पूर्णकालिक नौकरी होने के बावजूद वीरेंद्र देश भर में कार्य करने के लिए उत्साहित थे।