आईपीएल-12 के बेहद रोमांचक मुकाबले में, चेन्नई सुपरकिंग्स जीता
News85WebApril 12, 2019
जयपुर, कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और अंबाटी रायुडू के शानदार अर्धशतकों के बाद मिशेल सेंटनर के आखिरी गेंद पर लगाए गए जबर्दस्त छक्के से गत चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल-12 के बेहद रोमांचक मुकाबले में गुरूवार को अंतिम गेंद पर चार विकेट से हरा दिया।
राजस्थान रॉयल्स ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में 20 ओवर में सात विकेट पर 151 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया जबकि चेन्नई ने छह विकेट पर 155 रन बनाकर जीत अपने नाम की। चेन्नई की सात मैचों में यह छठी जीत है और उसका शीर्ष स्थान मजबूती से बना हुआ है। दूसरी तरफ राजस्थान को छह मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा।
धोनी ने आईपीएल में कप्तान के रूप में अपनी 100वीं जीत हासिल की। धोनी और रायुडू ने पांचवें विकेट के लिए 95 रन जोड़े। रायुडू ने 47 गेंदों पर 57 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए जबकि धोनी ने 43 गेंदों पर 58 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई की शुरुआत काफी खराब रही और उसने छठे ओवर तक अपने चार बल्लेबाज मात्र 24 रन तक गंवा दिए। शेन वाटसन खाता खोले बिना पहले ही ओवर में धवल कुलकर्णी की गेंद पर बोल्ड हो गए। सुरेश रैना चार रन बनाकर अगले ओवर में रन आउट हो गए।
चेन्नई को तीसरा झटका 15 के स्कोर पर लगा जब जयदेव उनादकट ने फाफ डू प्लेसिस को राहुल त्रिपाठी के हाथों कैच करा दिया। डू प्लेसिस सात रन ही बना सके। केदार जाधव एक रन बनाने के बाद जोफ्रा आर्चर की गेंद पर बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे। इन चार झटकों के बाद रायुडू और धोनी ने पारी को संवारने का काम शुरू किया। रायुडू और धोनी ने टीम के 50 रन पूरे किये। चेन्नई के 100 रन 15 ओवर में पूरे हो गए। रायुडू ने उनादकट के पारी के 15वें ओवर में छक्का और चौका लगाकर अपने 50 रन 41 गेंदों में पूरे कर लिए। रायुडू 18वें ओवर में बेन स्टोक्स की गेंद पर सीमा रेखा पर श्रेयस गोपाल के हाथों लपके गए। रायुडू ने 47 गेंदों पर 57 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए।
अंतिम दो ओवरों में चेन्नई के लिए लक्ष्य काफी बड़ा हो चुका था लेकिन धोनी के रहते चेन्नई की उम्मीदें बनी हुई थीं। धोनी ने 19वें ओवर में दो रन लेकर 39 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह आईपीएल में उनका 22वां अर्धशतक था। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर धोनी ने चौका लगाया और आखिरी छह गेंदों पर 18 रन का आंकड़ा रह गया। अंतिम ओवर स्टोक्स के हाथों में था।
जडेजा ने पहली गेंद पर चौका मारा हालांकि इस शॉट को खेलते समय वह क्रीज पर गिर भी गए। धोनी ने आकर जडेजा का सर थपथपाया। स्टोक्स अगली गेंद नोबॉल डाल बैठे और फ्री हिट पर धोनी ने दो रन ले लिए। लेकिन स्टोक्स ने तीसरी गेंद पर धोनी को बोल्ड कर दिया। धोनी ने 43 गेंदों पर 58 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए।अब चेन्नई को तीन गेंदों पर आठ रन चाहिए थे।
स्टोक्स की चौथी गेंद पर नोबॉल को लेकर उलझन भरी स्थिति पैदा हो गयी और धोनी गुस्से में मैदान पर आ गए क्योंकि अंपायर ने नोबॉल से इंकार कर कर दिया था। पांचवीं गेंद पर दो रन बने और चेन्नई को आखिरी गेंद पर चौका चाहिए था। अंतिम गेंद वाइड पड़ी और मिशेल सेंटनर ने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर जीत चेन्नई की झोली में डाल दी। सेंटनर 10 रन पर और जडेजा 9 रन पर नाबाद रहे।