Breaking News

हाथरस गैंगरेप पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए जंतर मंतर पर उमड़ा जनसैलाब

नयी दिल्ली, हाथरस की पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के हजारों लोग शुक्रवार शाम यहां जंतर मंतर पर जोरदार प्रदर्शन किया और उत्तरप्रदेश की योगी सरकार से इस्तीफे की मांग की है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी, भाकपा के डी राजा, वृन्दा करात, भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद, विधायक जिग्नेश मेवानी, फ़िल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर समेत विभिन विश्वविद्यालयों के छात्र और सामाजिक संगठनों के लोग हजारों की संख्या में एकत्र होकर हाथरस की पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रदर्शन में शामिल हुए और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। श्री केजरीवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार से हाथ जोड़कर विनती है कि जो दोषी हैं, उन लोगों को सख्त से सख्त सजा दी जाए, उनको जल्द से जल्द फांसी दिलवाई जाए। इतनी कठोर सजा मिलनी चाहिए कि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत ना कर सके। उन्होंने कहा, ”एक सवाल उठ रहा है कि हाथरस मामले के दोषियों को बचाने की कोशिश हो रही है ऐसा नहीं होना चाहिए। इस मामले में किसी तरह की राजनीति भी नहीं होनी चाहिए।”

श्री येचुरी ने कहा कि उत्तरप्रदेश सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। हमारी मांग है कि इंसाफ होना चाहिए। प्रदर्शन पहले इंडिया गेट पर होने वाला था लेकिन दिल्ली पुलिस द्वारा इंडिया गेट के आस-पास धारा 144 लगाने के बाद प्रर्दशन स्थल में बदलाव किया गया है। जंतर मंतर पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट बंद कर दिया गया ।

गौरतलब है कि 14 सितंबर को हाथरस जिले के चंदपा थाना क्षेत्र स्थित एक गांव की रहने वाली 19 वर्षीय दलित लड़की से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। लड़की को जख्मी हालत में पहले अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। उसके बाद उसे दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद प्रशासन ने जबरन देर रात में लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया।