Breaking News

कौन बनेगा करोड़पति को, इस सीजन का पहला करोड़पति मिला

नई दिल्ली,  कौन बनेगा करोड़पति को इस सीजन का पहला करोड़पति मिल गया है। भारतीय जन संचार संस्थान नई दिल्ली से एडर्वटाइजमेंट एंड पब्लिक रिलेशन में पोस्ट ग्रेजुएट  नाजिया नसीम ने कौन बनेगा करोड़पति में एक करोड़ रुपये जीत लिए हैं। नाजिया को एक करोड़ रुपये जिताने वाला सवाल मनोरंजन के क्षेत्र से था।

नाजिया ने 15 सवालों का बेहतर तरीके से जवाब दिया। 16वें सवाल के जवाब में नाजिया संशय में पड़ गयीं और उन्होंने क्विट कर लिया । बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्‍चन द्वारा सोनी टीवी पर प्रसारित किए जा रहे गेम शो कौन बनेगा करोड़पति के इस एपिसोड की शूटिंग गत अक्टूबर माह में ही हो गई थी और इसका प्रसारण 10 और 11 नवंबर की रात सोनी टीवी पर रात 9 बजे होगा।

झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा पारसटोली की नाजिया नसीम इस समय वह अपने पति के साथ दिल्ली में रह रहीं हैं। नाजिया के पति शकील की दिल्ली में विज्ञापन की कंपनी है। गुड़गांव स्थित रॉयल इनफील्ड कंपनी में ग्रुप मैनेजर इंटरनल कम्यूनिकेशन के पद पर काम कर रही हैं।

नाजिया ने बताया कि वे रांची में ही पली-बढ़ी हैं और उनके पिता मो. नसीमुद्दीन सेल के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। उनकी मां बुशरा नसीम घर के पास ही बुटिक चलाती हैं। उन्होंने मां का सपना पूरा करने के लिए केबीसी में जाने का निर्णय लिया। लगातार 10 बार कोशिश करने के बाद वे कामयाब हुईं। नाजिया का 10 साल का एक बेटा है। वैसे नाजिया का मायका डोरंडा में है और उनकी ससुराल भिलाई छत्तीसगढ़ में है।