Breaking News

सहारनपुर जिला पुलिस में बड़ा फेरबदल, कई निरीक्षकों के तबादले

सहारनपुर , उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में कई पुलिस निरीक्षकों और थाना प्रभारियों के स्थानांतरण किए गये हैं।

एसएसपी डा. एस चनप्पा ने स्थानांतरण किए जाने से पूर्व स्वयं थानों और कोतवालियों पर जाकर मौके मुआयने किए। लोगों से फीडबैक लिया और उच्चाधिकारियों से परामर्श के बाद आज जो सूची जारी की उसमें कई अच्छे कर्मठ पुलिस निरीक्षकों को मौका मिला है। जिले की सबसे प्रमुख और बड़ी कोतवाली देवबंद में अनुभवी और कार्यकुशल छवि रखने वाले निरीक्षक अशोक सोलंकी की तैनाती की है। अशोक सोलंकी वर्तमान में थाना सरसावा के प्रभारी थे, वह इससे पूर्व सहारनपुर सदर बाजार के पुलिस निरीक्षक समेत कई थानों के इंचार्ज भी रह चुके हैं।

देवबंद से यज्ञदत्त शर्मा को गंगोह भेजा गया है। रामपुर मनिहारान से छोटे सिंह को थाना तीतरो का प्रभारी बनाया गया है। वरिष्ठ और कार्यकुशल निरीक्षक कुलदीप सिंह को रामपुर मनिहारान जैसे महत्वपूर्ण थाने की जिम्मेदारी सौंपी है। पुलिस लाइन से बबलू सिंह को थानाध्यक्ष चिलकाना बनाया गया है और चिलकाना से अमित शर्मा को सरसावा भेजा गया है। पुलिस निरीक्षक गंगोह भगवत सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष तीतरो सतेंद्र कुमार राय को देवबंद में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के पद पर भेजा गया है।

देवबंद के उपनिरीक्षक जयवीर सिंह को स्वाट टीम का प्रभारी बनाया गया है। उपनिरीक्षक अजय सिंह को पुलिस लाइन से प्रभारी सर्विलांस सेल बनाया गया है। उपनिरीक्षक अजय प्रसाद गौड को प्रभारी अभिसूचना विंग बनाया गया है। पुलिस लाइन से उपनिरीक्षक प्रेम सिंह को एसएसपी ने अपना रीडर नियुक्त किया है और पुलिस उपनिरीक्षक आदेश कुमार को पुलिस लाइन से प्रभारी कचहरी सुरक्षा नियुक्त किया है।