गठबंधन की खातिर सीट छोड़ने के बयान पर, मायावती का कांग्रेस को कड़ा संदेश

लखनऊ, कांग्रेस के उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की खातिर सात सीट छोड़ने के बयान पर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कड़ा संदेश दिया है।

 कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में गठबंधन की खातिर सात सीट छोड़ने का कल एलान किया था। लेकिन बसपा मुखिया को यह नागवार लग रहा है। मायावती ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन को लेकर प्रदेश में गलत संदेश न फैलाने का प्रयास करे। गठबंधन को लेकर कांग्रेस का गलत संदेश फैलाना एक साजिश सा लगता है। मायावती ने साफ कर दिया कि कांग्रेस जबरदस्ती यूपी में गठबंधन के लिए सात सीट छोडऩे की भ्रान्ति न फैलाएं।

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष ने ट्वीट करते हुए कहा कि बीएसपी एक बार फिर साफ कर देना चाहती है कि उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में कांग्रेस पार्टी से हमारा कोई भी किसी भी प्रकार का तालमेल व गठबंधन आदि बिल्कुल भी नहीं है।  उन्होंने जनता को आगाह करते हुये साफ कहा कि हमारे लोग कांग्रेस पार्टी के आए दिन फैलाये जा रहे किस्म-किस्म के भ्रम में कतई न आयें।

मायावती ने कहा कि अब कांग्रेस उत्तर प्रदेश में भी पूरी तरह से स्वतंत्र है कि वह यहां की सभी 80 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करके अकेले चुनाव लड़ें। हमारा गठबंधन उत्तर प्रदेश में भाजपा को अकेले हराने के लिए पूरी तरह से सक्षम है।

लखनऊ में कल उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के लिए सात सीट पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी। इन सीटों में मैनपुरी, कन्नौज, आजमगढ़, के साथ फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर व मथुरा की सीट शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस उन सीटों पर अपने प्रत्याशी नहीं उतारेगी जहां से मायावती, आरएलडी के अजित सिंह और जयंत चौधरी चुनाव लड़ेंगे। लेकिन कांग्रेस का यह व्यवहार मायावती को पसंद नही आया।

Related Articles

Back to top button