233 साल के इतिहास में MCC को पहली बार मिलेगी महिला अध्यक्ष

लंदन, मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) को अपने 233 वर्षों के इतिहास में पहली महिला अध्यक्ष मिलने जा रही है।

इंग्लैंड की पूर्व कप्तान क्लेयर कोनोर एमसीसी की पहली महिला अध्यक्ष बनेंगी। यह घोषणा बुधवार को ऑनलाइन वार्षिक आम बैठक के बाद की गयी।
एमसीसी के मौजूदा अध्यक्ष श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा हैं। कोनोर अगले वर्ष एक अक्टूबर को संगकारा की जगह लेंगी। पूर्व आलराउंडर कोनोर ने इंग्लैंड के लिए कुल 111 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले और 1604 रन बनाने के अलावा 104 विकेट लिए। उन्होंने 2000 से 2006 में संन्यास लेने तक इंग्लैंड की कप्तानी की थी। उन्होंने 2005 में इंग्लैंड को ऐतिहासिक एशेज सीरीज जीत दिलाई थी।
संगकारा पिछले साल एक वर्ष के लिए नियुक्त किये गए थे और इस साल कोरोना के कारण उन्हें यह पद 12 महीने और संभालने के लिए कहा गया। कोनोर इस समय इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड की महिला क्रिकेट की प्रबंध निदेशक हैं।

Related Articles

Back to top button