यूपी मे कुल कोरोना संक्रमितों में 28 फीसदी से अधिक केवल इन दो जिलों से

कुल कोरोना संक्रमितों में 28 फीसदी से अधिक नोएडा ,गाजियाबाद से

लखनऊ , उत्तर प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों में दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद सरकार के लिये कड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। राज्य में शनिवार शाम तक अस्पतालों में भर्ती कुल 7627 मरीजों में 2190 सिर्फ इन्ही दो जिलों में हैं।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनलाक 1.0 के बाद से नोएडा और गाजियाबाद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है। दिल्ली से सटे इन दो जिलों की अधिकांश पेशेवर आबादी दिल्ली में कार्यरत है और इसी तरह दिल्ली से नोएडा आने वालों की संख्या भी कम नहीं है। इसके चलते दिल्ली में पसरे संक्रामक रोग का असर यहां साफ दिखायी पड़ रहा है।

पिछले 24 घंटों में नोएडा में 83 नये मरीजों की पहचान की गयी जबकि पहले से भर्ती पांच मरीजों की मृत्यु हो गयी वहीं 105 स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिये गये। इसके बावजूद जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 972 हो गयी है वहीं गाजियाबाद में 84 संक्रमित प्रकाश में आये जिसके बाद यहां अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या 1118 हो गयी है।

इसके अलावा लख्नऊ में आज 80 नये मरीजों की पहचान की गयी जबकि 58 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। इस प्रकार जिले में अब 490 मरीजों का उपचार किया जा रहा है।

कानपुर और मेरठ में इस दरम्यान 45-45 नये मरीज सामने आये। इसके साथ कानपुर में सक्रिय मरीजों की संख्या 328 और मेरठ में 283 हो गयी है। वाराणसी में 13 नये मरीजों के साथ सक्रिय केस अब 231 हो चुके हैं। अलीगढ में यहा आंकडा 210,मुरादाबाद में 125,बुलंदशहर में 167,हापुड़ में 137,आगरा में 130 और बाराबंकी में 112 है।

राज्य में सबसे अधिक 93 मरीजों की मृत्यु आगरा में हुयी है वहीं मेरठ में 89,गाजियाबाद में 62,कानपुर में 55 मरीज दम तोड़ चुके है। सहारनपुर में आज कोरोना से पहले मरीज की मौत हुयी जिसके बाद लखीमपुर खीरी,सीतापुर, बांदा,शाहजहांपुर,कासगंज,पीलीभीत और सोनभद्र को छोड़कर राज्य के सभी 69 जिलों में अब 774 मरीजों की मौत हो चुकी है।

सूत्रों ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में 772 नये मरीजों की पहचान की गयी जबकि पहले से भर्ती 560 को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। इस दौरान 24 की मृत्यु हो गयी। राज्य में अब तक 18154 मरीज स्वस्थ हो चुके है जबकि 7627 मरीजों का उपचार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button