नई दिल्ली, मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने तीसरी सूची जारी कर दी है। इसमें 32 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया। भाजपा अब तक 224 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर चुकी है। छह के नाम की घोषणा शाम तक होगी। कल नामांकन का आखिरी दिन है।
भाजपा ने पहली सूची में 177 नामों का ऐलान किया था। लेकिन प्रेमचंद गुड्डू और उनके बेटे के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद घट्टिया सीट से प्रत्याशी बनाए गए अशोक मालवीय का नाम रद्द कर दिया था। अब इस सीट से गुड्डू के बेटे को टिकट दिया गया है।कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश को इंदौर-3 से और भोपाल की गोविंदपुरा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की बहू कृष्णा गौर को टिकट दिया गया है।
भाजपा की पहली सूची में तीन मंत्रियों समेत 33 विधायकों के टिकट काटे गए थे। इनमें मंत्री माया सिंह, वन मंत्री रहे गौरीशंकर शेजवार की जगह उनके बेटे मुदित शेजवार को उम्मीदवार बनाया गया। रामपुर बाघेलान से विधायक और मंत्री हर्ष सिंह की जगह बेटे विक्रम सिंह को उम्मीदवार बनाया गया। भाजपा ने सांसदों को भी मैदान में उतारा है। पन्ना-खजुराहो सीट से सांसद नागेंद्र सिंह को नागौद से टिकट दिया गया है। अटलजी के भांजे मुरैना सांसद अनूप मिश्रा को भितरवार से मैदान में उतारा गया है। अनूप मिश्रा 2013 में यहां से चुनाव हार गए थे।
दूसरी सूची में पांच मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए। इनमें चंद्रशेखर देशमुख (मुलताई), जसवंत सिंह हाडा (शुजालपुर), मुकेश पंड्या (बड़नगर), पंडित सिंह धुर्वे (बिछिया) और वीर सिंह पंवार (कुरवाई) के नाम शामिल हैं। इनके अलावा सात विधायकों को फिर से टिकट दिया गया था।