Breaking News

मुलायम सिंह यादव की पत्नी का निधन,सीएम योगी ने जताया शोक

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना यादव का शनिवार को निधन हो गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं बृजेश पाठक सहित अन्य नेताओं ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।

शोकसंतप्त परिवार की ओर से निधन की पुष्टि करते हुए बताया गया कि वह पिछले कुछ समय से बीमार थीं और गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां आज उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिये दिल्ली से लखनऊ लाया जा रहा है।

सपा के आधिकारिक ट्विटर हेंडिल से श्रीमती यादव के निधन की जानकारी देते हुए बताया गया, “समाजवादी पार्टी के संरक्षक आदरणीय नेता जी  मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी साधना यादव जी का आज शनिवार को गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया है।” उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए पार्टी की आेर से एक अन्य ट्वीट में कहा गया, “समाजवादी पार्टी के संरक्षक आदरणीय नेता जी की पत्नी श्रीमती साधना यादव जी की मृत्यु , अत्यंत दुःखद। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।” सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस ट्वीट को रिट्वीट किया है।

सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा, “उ.प्र. के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी श्रीमती साधना जी का निधन अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व उनके परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”

केशव प्रसाद मौर्य ने अपने शोक संदेश में कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी श्रीमती साधना गुप्ता जी के निधन का दुखद समाचार मिला,प्रभू पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में जगह दें। आदरणीय श्री मुलायम सिंह जी और परिजनों को ये दुख सहन करने की क्षमता दें। ॐ शांति शांति शांति।”

गत विधान सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थामने वाली श्रीमती गुप्ता की पुत्रवधू अपर्णा बिष्ट यादव ने भी ट्वीट कर कहा, “निःशब्द हूँ मैं। मेरी पूज्य सासू माँ का निधन हो गया। ॐ शान्ति।”

गौरतलब है कि मुलायम सिंह की पहली पत्नी मालती देवी के निधन के बाद उन्होंने 2003 में साधना गुप्ता से दूसरी शादी की थी। गुप्ता की पहली शादी कारोबारी चंद्र प्रकाश गुप्ता से हुयी थी और 1990 में तलाक के साथ ही यह शादी टूट गयी थी।

बृजेश पाठक ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी की धर्मपत्नी श्रीमती साधना गुप्ता जी के निधन की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि गोलोकवासी पुण्यात्मा को शांति व परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति।”