महादेवी की पुण्यतिथि पर व्हाट्सऐप पर संगीतमय नाटक का आयोजन

नयी दिल्ली , क्या व्हाट्सऐप पर कोई संगीतमय नाटक भी तैयार किया जा सकता है, यह अभिनव प्रयोग कुछ लेखकों कलाकारों ने लॉकडाउन में किया है।

देश में कोरोना महामारी के दौरान लेखकों कलाकारों ने व्हाट्सऐप के जरिए हिंदी की आधुनिक मीरा “महादेवी वर्मा”के जीवन पर एक अनोखा नाटक” हिंदी की दीपशिखा” तैयार किया है जिसे शुक्रवार को महादेवीजी की पुण्यतिथि पर सोशल मीडिया पर पेश किया जाएगा। कल महादेवी जी की पुण्यतिथि पर कई डिजिटल समारोह हो रहे है।

दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, ग्वालियर मुजफ्फरपुर, जमशेदपुर, रांची, जयपुर और असम के लेखकों और कलाकारों ने घर बैठे व्हाट्सऐप पर इस नाटक को तैयार किया है। इन लोगों ने व्हाट्सऐप पर नाटक के संवाद रिकॉर्ड कर उन्हें आपस में पिरो कर यह संगीतमय नाटक तैयार किया है। स्त्री दर्पण ग्रुप से जुड़े लोगों ने महादेवी के जीवन पर यह नाटक तैयार किया है जिसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ,पंडित जवाहरलाल नेहरू, निराला जैसे पात्र हैं जिनसे महादेवी जी की मुलाकात का वर्णन है।

इस नाटक में महादेवीजी को 1935 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हाथों मिले सेकसरिया पुरस्कार का भी जिक्र है। इस नाटक में महादेवी वर्मा और सुभद्रा कुमारी चौहान की स्कूल में मित्रता पर भी संवाद शामिल किए गए हैं और इसमें महादेवीजी के जन्म से लेकर उनके निधन तक उनकी पूरी जीवन यात्रा को पेश किया गया है। नाटक का निर्देशन राजेश करमहे ने किया है।

गौरतलब है कि इससे पहले “मैला आंचल”” ग्रुप के सदस्यों ने हिंदी के अमर शब्द शिल्पी फणीश्वर नाथ रेणु के जीवन पर भी एक व्हाट्सऐप नाटक तैयार किया था।इसका निर्देशन वसुंधरा व्यास ने किया था। उसमें भी देशभर के कलाकारों ने व्हाट्सऐप पर अपने संवाद रिकॉर्ड कर यह नाटक तैयार किया था।

Related Articles

Back to top button