
देश के लोकप्रिय कवि उदय प्रताप सिंह यादव के तीसरी बार अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद, यह राष्ट्रीय स्तर का पहला आयोजन है। इसलिये इस अधिवेशन का महत्व बढ़ जाता है। राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन 22 मार्च दिन रविवार को नया गल्ला मंडी परिसर, सागर रोड, विदिशा , मध्यप्रदेश मे किया गया है।
भविष्य मे यादव महासभा की यादव समाज को लेकर क्या प्राथमिकतायें रहेंगी, इसका निर्धारण अधिवेशन मे हो सकता है। अधिवेशन मे, यादव समाज की केंद्र और राज्यों मे शासन सत्ता मे घटती भागीदारी, जातीय जनगणना, आरक्षण और सामाजिक समस्याओं पर गंभीर चर्चा हो सकती है।कार्यक्रम के संयोजक अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की मध्य प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव हैं।
सूत्रों के अनुसार, अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के 61 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में राजनैतिक क्षेत्र के कई दिग्गज शामिल होंगे।

इसके अतिरिक्त यादव महासभा के राष्ट्रीय अधिवेशन मे विदेशों से भी यादव समाज के लोग शिरकत करेंगे। फिल्मी दुनिया से अभिनेता राजपाल यादव, भोजपुरी सुपर स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ, अभिनेता व गीतकार रवि यादव आदि के अधिवेशन मे शामिल होने की संभावना है।
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के उत्तर प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष जगदेव सिंह यादव ने बताया कि यादव महासभा के 61 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में यूपी की बड़े स्तर पर भागीदारी रहेगी। सभी प्रमुख पदाधिकारी अधिवेशन मे सक्रिय रूप से भाग लेंगे।