Breaking News

यूपी में शरारती तत्वों ने तालाब में डाली जहरीली दवा, मरी मछलियां

औरैया, उत्तर प्रदेश के औरैया में सूफी संतों की नगरी कहे जाने वाले कस्बा फफूंद में स्थित प्राचीन चौबे के तालाब में शरारती तत्वों द्वारा जहरीली दवा डाले जाने से विभिन्न प्रजातियों की मछलियां मर जाने का मामला प्रकाश में आया है।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि फफूंद करोर मार्ग पर ऐतिहासिक चौबे का तालाब स्थित है। तालाब तीन सौ वर्षों से भी अधिक पुरानी यादें संजोए है। तमाम धार्मिक कार्यक्रम का केंद्र बिंदु भी है। तालाब में मछलिया तैरती रहती है। गुरूवार रात कुछ शरारती तत्वों ने तालाब में जहरीली दवा डाल दी जिससे मछलिया मर गयी। लोगों को इसकी जानकारी शुक्रवार सुबह हुई
उन्होंने बताया कि तालाब अत्यंत प्राचीन होने के कारण दूर दराज से लोग इसे देखने भी आते हैं।

यही नहीं यहां पर सुबह और शाम को सैकड़ों युवक और बुजुर्ग न केवल टहलने जाते हैं बल्कि वह साथ में लाही व आटे की गोलियां ले जाकर तालाब की मछलियों को खिलाते थे। मान्यता है कि सुबह मछली देखने से दिन अच्छा कटता है। बहुत से लोग तालाब किनारे जाकर बैठते है।

सूत्रों ने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार की सुबह टहलने व मछलियों को दाना डालने वाले मानवेन्द्र पोरवाल, प्रदीप कुमार, अनुज कुमार, लल्लू ठाकुर, डॉ0 श्री राम, लोकेश अवस्थी, राकेश गुप्ता, गोपाल कृष्ण मिश्रा, बाल कृष्ण मिश्रा आदि लोग तालाब पर पहुंचे तो सभी मछलियों को मरा देख उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।