बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए राजग से विजय सिन्हा बनाए गए उम्मीदवार

पटना, बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विजय सिन्हा उम्मीदवार बनाए गए हैं।

श्री सिन्हा की ओर से आज राजग के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विधानसभा सचिव के समक्ष सभाध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया गया। इस मौके पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता विजय कुमार चौधरी, पूर्व संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार, पूर्व मंत्री नरेंद्र नारायण यादव और भाजपा के संजय सरावगी उपस्थित थे।

भाजपा नेता श्री सिन्हा पिछली सरकार में श्रम संसाधन मंत्री थे। लखीसराय से वह लगातार तीसरी बार विधायक चुने गये हैं।

गौरतलब है कि विपक्षी दलों के महागठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा माले) ने श्री अवध बिहारी चौधरी को उम्मीदवार बनाया है । सभाध्यक्ष पद के दो उम्मीदवार होने के कारण कल इसके लिए चुनाव होगा।

Related Articles

Back to top button