दिल्ली में कोरोना के नये मामलों ने बढ़ाई चिंता, रिकवरी दर में सुधार

दिल्ली में कोरोना मामले डेढ़ लाख के करीब, रिकवरी दर में सुधार

नयी दिल्ली , दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के 956 नये मामले और 29 सक्रिय मामले बढ़ने से महामारी को लेकर चिंता फिर बढ़ गयी है लेकिन राहत की बात यह है कि गुरुवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर में भी आंशिक सुधार दर्ज किया गया।

दिल्ली स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से आज जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 956 नये मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 1,49,460 पर पहुंच गई। सोमवार को केवल 707 नये मामले दर्ज किये गये लेकिन मंगलवार इनकी संख्या बढ़कर 1,257 हो गयी थी।

इस दौरान 913 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना वायरस को मात देने वाल़ों का कुल आंकड़ा 1,34,318 हो गया।

देश में दिल्ली का स्थान रिकवरी वाले सर्वाधिक राज्यों में है और राहत की बात यह है कि इस दौरान रिकवरी दर में आंशिक वृद्धि दर्ज की गयी। दिल्ली की रिकवरी दर सोमवार को बढ़कर 90.09 प्रतिशत हो गई थी जो बुधवार को घटकर 89.83 प्रतिशत पर आ गयी लेकिन आज यह आंशिक सुधार के साथ 89.86 फीसदी पर आ गयी।

दिल्ली में कोराेना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या आज 14 रही और राजधानी में यह जानलेवा वायरस अब तक 4,167 की जान ले चुका है।

राजधानी में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या आज 10 घटकर 513 रह गई। दिल्ली में सक्रिय मामले भी गत दिवस के 10,946 से 29 बढ़कर आज 10,975 हो गये। राजधानी में कोराेना के 12,58,095 नमूनों की अब तक जांच हो चुकी हैं और 10 लाख की आबादी पर जांच का औसत 66 हजार से अधिक 66,215 हो गया है।

Related Articles

Back to top button