देश मे क्षेत्रीय भाषाओं मे समाचार सेवा देने की हो रही बड़ी शुरूआत

बेंगलुरु,  देश की अग्रणी बहुभाषी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी यूनाईटेड न्यूज ऑफ इंडिया चार दिसंबर को यहां ‘यूएनआई कन्नड़ न्यूज सर्विस’ शुरू कर क्षेत्रीय भाषा सेवा प्रदान करने की दिशा में एक नया अध्याय रचने जा रही है।

बेंगलुरु में यूएनआई भवन में मंगलवार शाम साढ़े छह बजे कन्नड भाषा में यूएनआई की समाचार सेवा शुरू होगी जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी और उपमुख्यमंत्री डॉ. जी परमेश्वर के साथ अन्य गणमान्य लोग उपस्थित होंगे। यूएनआई इससे पहले अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू भाषा में भी अपनी समाचार सेवाएं प्रदान कर रही है। कर्नाटक में यूएनआई अपने विस्तार की ओर अग्रसर हो रही है।

प्रमुख समाचार एजेंसी निकट भविष्य में कन्नड के अलावा मराठी और बंगला भाषा में भी समाचार सेवा प्रदान करने की योजना बना रही है और आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में भी अपनी सेवाओं का विस्तार करेगी। यूएनआई के एडीटर इन चीफ अशोक उपाध्याय ने कहा कि समाचार एजेंसी विभिन्न क्षेत्रों में समाचार दे रही है और अब कन्नड भाषा में समाचार सेवा शुरू होने से मीडिया के क्षेत्र में इसकी स्थिति अौर मजबूत होगी तथा एेसा कर यूएनआई एक नया अध्याय रचेगी।

एडीटर इन चीफ ने कहा कि कर्नाटक राज्य सूचना प्रोद्यौगिकी (आईटी), बीटी और अन्य संबंधित क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रहा है और यहां एजेंसी के लिए जमीनी स्तर पर अपनी सेवाओं को बढ़ाने के लिए अच्छा अवसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के लोगों को एजेंसी की इस पहल का फायदा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कन्नड़ समाचार सेवा के बाद यूएनआई के लिए देशभर में अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में भी समाचार सेवा शुरू करने के लिए एक नया अध्याय शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि यूएनआई की हिंदी में यूनीवार्ता और यूएनआई उर्दू सेवा ने देश भर में लोकप्रियता हासिल कर ली है।कन्नड़ भाषा में हमारी सेवा शुरू करने से पहले ही हमें लोगों और मीडिया जगत की जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। कन्नड़ समाचार सेवा राज्य के लोगों की जरूरतों को पूरा करेगी, जिसमें उनकी संस्कृति, भाषा और परंपराओं की समृद्ध विरासत के बारे में जानकारी दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button