Breaking News

प्रवासी भारतीयों को जल्द मिलेंगी एक और बड़ी सुविधा : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रवासी भारतीय विभाग द्वारा तैयार किए गए पोर्टल से अब प्रवासी भारतीयों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं एक ही पोर्टल पर उपलब्ध हो सकेंगी।

प्रवासी भारतीय विभाग द्वारा विकसित किए गए यूनीफाइड वेब पोर्टल के सम्बन्ध में प्रस्तुतीकरण के दौरान श्री योगी ने इसमें कुछ सूचनाएं अद्यतन करते हुए इसे शीघ्र लाॅन्च करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को मनाए जाने वाले उत्तर प्रदेश दिवस के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध करायी जाये। साथ ही, उत्तर प्रदेश कामगार और श्रमिक (सेवायोजन एवं रोजगार) आयोग के सम्बन्ध में भी सभी सूचनाएं इस पोर्टल पर उपलब्ध करायी जाएं।

उन्होंने कहा कि पोर्टल का उद्देश्य प्रवासी भारतीयों को सभी आवश्यक सूचनाएं एक ही जगह पर उपलब्ध कराना है। साथ ही, राज्य में उनकी गतिविधियों को सुगम बनाना भी है।
अपर मुख्य सचिव प्रवासी भारतीय विभाग आलोक कुमार ने बताया कि इस यूनीफाइड वेब पोर्टल का मुख्य उद्देश्य राज्य की पूर्व में संचालित तीन वेबसाइटों को इंटीग्रेट कर एक सिंगल प्लेटफाॅर्म पर लाना है। प्रदेश के प्रवासी भारतीयों को एक यूनीफाइड आनलाइन साॅल्यूशन उपलब्ध कराना है, जहां से वे उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न सेवाओं के लाभ को आनलाइन प्राप्त कर सकें।

इसके माध्यम से विश्वभर में रह रहे उत्तर प्रदेश के प्रवासी भारतीयों का एक डेटाबेस तैयार किया जाएगा, ताकि इसका उपयोग समय-समय पर किया जा सके। इसके माध्यम से प्रदेश में निवेश प्रोत्साहन के लिये विभागों द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों, निवेशोन्मुखी नीतियों का विदेश में बसे प्रवासी भारतीयों में प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

विदेशों में रोजगार के लिये उत्तर प्रदेश से जाने वाले लगभग 30 प्रतिशत कामगारों/अप्रवासी भारतीयों की विभिन्न समस्याओं के गुणवत्तापरक निस्तारण में यह नवनिर्मित पोर्टल सहायक सिद्ध होगा। अयोध्या के दीपोत्सव और बरसाने की होली की लाइव स्ट्रीमिंग भी इस पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। प्रवासी भारतीयों को अपनी मातृभूमि से जोड़े रखने एवं प्रदेश में उनके मूल को खोजने हेतु ट्रेस योर रूट की सुविधा पर्यटन विभाग के माध्यम उपलब्ध करायी गयी है।